Lucknow News : बंथरा में विवाद के दौरान पत्थर लगने से महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा इलाके में दो परिवारों के बीच हुए विवाद के दौरान छत से फेंके गये पत्थर से चोट लगने की घटना में 75 साल के एक महिला की मौत हो गयी । पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 17 जून की रात करीब 9:10 बजे मवई पड़ियाना गांव में दो पड़ोसी गुटों के बीच झगड़ा हो गया था, जिसके बाद बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों की पहचान राजेंद्र और उनके पड़ोसियों धर्मेंद्र, गोविंद और पंचम के परिवारों के रूप में हुई है। सभी लोग आमने-सामने रहते हैं। 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले दोनों पक्ष शाम को साथ में शराब पीने के बाद घर लौटे थे, जिसके बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर अपने घर की छत से ईंट-पत्थर फेंके। इसी दौरान एक पत्थर राजेंद्र की मां सियावती रावत को लग गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 

पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को लिया हिरासत में

घटना में राजेंद्र भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। धर्मेंद्र को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज