गोंडा में आग लगने से 3 परिवारों के आशियाने जलकर खाक, लाखों का नुकसान ; जांच में जुटी पुलिस
- सिलेंडर फटा, मची अफरा-तफरी, लाखों का नुकसान
गोंडा, अमृत विचार: धानेपुर थाना क्षेत्र के मुर्तिहवा गांव में गुरुवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने तीन परिवारों की गृहस्थी को राख में तब्दील कर दिया। आग की चपेट में आने से एक गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका भी हुआ, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
12.jpg)
धानेपुर के ग्राम मूर्तिहवा महेशभारी में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अयोध्या प्रसाद पुत्र छेदीलाल कोरी तथा मंजू देवी पत्नी महेश कुमार के मकान और छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं राम बहादुर पुत्र गौरीशंकर का छप्पर भी जलकर खाक हो गया।
11.jpg)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटों के बीच एक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने में लग गए।
12.jpg)
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। इस अग्निकांड में घरों में रखा घरेलू सामान, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। पीड़ित परिवारों का लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
