Bareilly News : बरेली विकास प्राधिकरण की वीसी बनीं सौम्या पांडेय, सीएम के दौरे से पहले हटाए गए मनिकंडन

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष अब आईएएस सौम्या पांडेय होंगी। शासन ने डॉ. ए. मनिकंडन को बीडीए वीसी पद से हटाकर प्रतीक्षारत कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बरेली दौरे से पहले ये बड़ा फेरबदल सामने आया है। सौम्या पांडेय के पास संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) का अतरिक्त प्रभार भी रहेगा। आमतौर पर आरएफसी की जिम्मेदारी प्राधिकरणों के वीसी ही संभाल रहे हैं।

बीडीए के उपाध्यक्ष रहे डॉ. ए. मनिकंडन ने शहर के विकास और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विकास को गति दी। शहर को सुंदर, सुसज्जित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए रामायण वाटिका, सेंट्रल पार्क और रुद्र वनम जैसे शानदार प्रोजेक्ट धरातल पर उतारे। इन योजनाओं ने शहर की रंगत बदल दी और उसकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। 

ग्रेटर बरेली आवास योजना 
ग्रेटर बरेली आवास योजना बीडीए की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। करीब 224 हेक्टेयर में ग्रेटर बरेली विकसित हो रही है। बीडीए उपाध्यक्ष रहते हुए डॉ. ए. मनिकंडन ने इसे गति दी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए करीब 200 करोड़ का मुआवजा भी वितरित किया। रामगंगा नगर परियोजना आगे बढ़ाई। रहपुरा में औद्योगिक टाउनशिप प्रस्तावित है। 

सौम्या पांडेय के नाम उपलब्धियों के रिकॉर्ड 
मूलरूप से प्रयागराज की रहने वाली सौम्या पांडेय 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। अभी कानपुर में अतिरिक्त श्रम आयुक्त एवं ईएसआईएस के निदेशक के पद पर तैनात थीं। महज 23 साल की उम्र में उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल की थी। लबासना में ट्रेनिंग के दौरान बेस्ट ऑफिसर और बेस्ट प्रजेंटेशन, सर्वाधिक केस स्टडी के अवार्ड अपने नाम किए। अक्सर अपनी कार्यशैली और जमीन से जुड़ी पृष्ठभूमि को लेकर चर्चा में रहने वाली सौम्या पांडेय को बेस्ट डीएम अवार्ड भी मिल चुका है। वर्ष 2020 में कोविड काल के दौरान उन्हें ये सम्मान मिला था।

संबंधित समाचार