Varanasi News: रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ बिजली विभाग का जेई, 22 हजार रुपए लेते एंटी करप्शन ने दबोचा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने शुक्रवार को विद्युत विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) को 22 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जेई अस्थायी विद्युत कनेक्शन जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था।

एंटी करप्शन थाना वाराणसी मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टकटकपुर (कैंट) निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने 11 जून को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उन्होंने मंशानगर कॉलोनी स्थित अपने नव-निर्मित मकान के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने के लिये छह जून को ऑनलाइन आवेदन किया था।

आवेदन की पैरवी के दौरान 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, पंचम खंड पांडेयपुर में तैनात अवर अभियंता सुखदेव स्वरूप रस्तोगी ने कनेक्शन जारी करने के बदले 22 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद एंटी करप्शन टीम ने निरीक्षक उमाशंकर यादव के नेतृत्व में जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत टीम शुक्रवार को टकटकपुर स्थित मंशानगर कॉलोनी पहुंची।

एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ जेई सुखदेव को पकड़ा

आरोपी जेई सुखदेव स्वरूप रस्तोगी शिकायतकर्ता से मिला और वैध कार्य के एवज में 22 हजार रुपये रिश्वत प्राप्त कर ली। इसी दौरान मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद की गई। टीम द्वारा कराई गई रासायनिक जांच में आरोपी के हाथ धुलवाने पर घोल का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

आरोपी की पहचान सुखदेव स्वरूप रस्तोगी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कनक सिटी, आलमनगर, थाना तालकटोरा, लखनऊ का निवासी है तथा वर्तमान में गौतम विहार कॉलोनी, सरसौली, थाना शिवपुर, वाराणसी में रह रहा है। आरोपी वर्तमान में 33/11 केवी उपकेंद्र पांडेयपुर में अवर अभियंता के पद पर तैनात है। इस संबंध में कैंट थाना, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार