Moradabaad : बारिश के बाद ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबकर महिला की गई जान

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कुंदरकी थाना क्षेत्र के रूपपुर गांव में भारी बारिश के बाद एक कच्चे मकान की छत ढह गई। इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के वक्त महिला नमाज अदा करने की तैयारी कर रही थी।

रूपपुर गांव के रहने वाले फुरकान ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनकी पत्नी नमाज पढ़ने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान वह कपड़े लेने के लिए कमरे के अंदर गईं। तभी अचानक कमजोर हो चुकी कच्ची छत भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी। हादसे के तुरंत बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने की मदद की कोशिश
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने बिना देरी किए राहत कार्य शुरू किया और भारी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर महिला को बाहर निकाला। हालांकि, मलबे में दबने और गंभीर चोटें आने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि बीती रात क्षेत्र में भारी बारिश हुई थी, जिसके चलते मिट्टी की छत कमजोर होकर ढह गई।

प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कुंदरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को भी दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार को नियमानुसार जो भी सरकारी सहायता और मुआवजा होगा, वह जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।

संबंधित समाचार