Rampur News: रामपुर में बोरे में बंद शव मिलने का खुलासा, उत्तराखंड के पहाड़ी युवक की हत्या कर मीट कारोबारियों ने नाले में फेंका था शव

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

रामपुर,अमृत विचार। पटवाई थाना क्षेत्र के रेहटगंज गांव के पास नाले में बोरे में बंद मिला शव उत्तराखंड निवासी पहाड़ी का निकला। मामले का खुलासा करते हुए पटवाई पुलिस ने दो मीट कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि ग्राहक तक मीट पहुंचाने को लेकर हुए विवाद का बदला लेने के लिए उन्होंने युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है।

पंपलेट से हुई मृतक की पहचान

कुछ दिन पहले रेहटगंज गांव में नवनिर्मित पुलिया के पास राधा कृष्णपाल गौशाला के सामने नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बोरे में बंद मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पंपलेट चस्पा कराए। इसके बाद दो लोगों ने पुलिस से संपर्क कर बताया कि मृतक को पहाड़ी के नाम से जानते थे और वह शेरू वाल्मीकि की मीट की दुकान पर काम करता था। जांच में पता चला कि वह उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला था।

मीट पहुंचाने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 12 जून को शेरू वाल्मीकि और वाजिद का पहाड़ी से ग्राहक तक मीट पहुंचाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में दोनों ने बदला लेने की योजना बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहाड़ी को शराब पिलाई और फिर लकड़ी के डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

बोरे में भरकर नाले में फेंका शव

हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को एक बोरे में भरकर अपनी रेनॉल्ट क्विड कार की डिग्गी में रखकर रामपुर-पटवाई मार्ग पर रेहटगंज गांव के पास पहुंचे और गंदे नाले में फेंक दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शेरू वाल्मीकि निवासी वाल्मीकि बस्ती, थाना सिविल लाइंस और वाजिद निवासी अलीनगर जनूबी को शेर फार्म के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद किया गया और कार को सीज कर दिया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि पहाड़ी के साथ हुए विवाद के बाद उन्होंने उसकी हत्या की साजिश रची थी। पटवाई प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया। गिरफ्तार करने वाली टीम में पटवाई प्रभारी निरीक्षक धनन्जय सिंह, उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, अनुज कुमार व अजीत सिंह, हेड कांस्टेबल राम सिंह, अनिल कुमार व मनोज कुमार, कांटेस्बल सुनील कुमार, सुरेन्द्र सिंह व ललित कुमार शामिल रहे। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- Rampur News: विधवा से शादी की जिद बनी मौत की वजह, प्रेमी मनोज की हत्या का खुलासा; महिला समेत तीन गिरफ्तार

संबंधित समाचार