Train Stone Pelting Case : स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में सवार थे संघ प्रमुख मोहन भागवत, फिरोजाबाद के पास ट्रेन पर पथराव से मच गया हड़कंप
संघ प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार को स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के ई-1 कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन कानपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई। इस दौरान फिरोजाबाद में उनकी ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियां आरोपी की तलाश में जुटी हैं।
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में ट्रेनों पर पथराव की बढ़ती घटनाओं के बीच गुरुवार को उस वक्त हंड़कंप मच गया, जब कानपुर से दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पथराव का शिकार हो गई। ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयं सेवक (RSS) प्रमुख मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। जैसे ही खबर आम हुई। रेलवे के अधिकारियों से लेकर सुरक्षा बलों की नींद उड़ गई। आनन-फानन में टुंडला आउटर से पहले ट्रेन रोककर जांच की गई। इसके बाद एक्सप्रेस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। अब रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस आरोपी की तलाश में जुटे हैं।
घटनाक्रम फिरोजाबाद और मक्खीपुर के आसपास का है। गुरुवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के ई-1 कोच में सवार थे। ट्रेन कानपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई। फिरोजाबाद में ट्रेन पर अचानक से किसी ने पथराव कर दिया। रेल अधिकारियों को जब ये सूचना मिली तो उनके होश उड़ गए। क्योंकि ट्रेन में संघ प्रमुख भी यात्रा कर रहे थे।
बहरहाल, फौरन अगले जंक्शन टुंडला के आउटर से पहले ट्रेन रोककर सघन जांच की गई। रेलवे सुरक्षा टीम जब संतुष्ट हो गई कि कोई यात्री चोटिल नहीं हुआ है। इसके बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
मुख्यमंत्री दे चुके चेतावनी
पिछले सप्ताह ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बलों के साथ एक बैठक की थी। इसमें ट्रेनों पर पथराव पर चिंता जताते हुए असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए थे। सीएम की कड़ी चेतावनी के चंद दिनों के बाद ही फिरोजाबाद में ये एक और घटना सामने आ गई। इसने रेलवे अधिकारियों से लेकर स्थानीय पुलिस-प्रशासन में हलचल मचा दी है।
आरोपी की पहचान में जुटी सात टीमें
स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। स्थानीय पुलिस के साथ रेलवे सुरक्षा बल भी पहचान में जुटे हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी चौकन्नी हैं। इस आशंका के साथ कि क्या इस घटना को साजिशन अंजाम तो नहीं दिया गया है?
हिरासत में एक संदिग्ध
फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्य लांग्हे के मुताबिक, कानपुर से दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर फिरोजाबाद के पास किसी ने पत्थर फेंका था। इसमें कोच का एक शीषा टूट गया। इस प्रकरण में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सात टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
