लखनऊ में विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरे पूर्व मंत्री, मौत
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नानक राम भुर्जी (68) की मंगलवार को हजरतगंज क्षेत्र स्थित दारुलशफा नए विधायक निवास परिसर के ऊपरी तल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, विधायक निवास के कार्यालय प्रभारी ने स्थानीय चौकी को सूचना दी कि परिसर के पीछे एक ऊपरी तल से एक व्यक्ति गिर गया है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भुर्जी को अस्पताल ले गई।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भुर्जी लंबे समय से अवसाद से पीड़ित थे और उन्हें अक्सर विधायक निवास परिसर में घूमते हुए देखा जाता था।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : Kanpur News: सावन से पहले डीएम ने परमत के आनंदेश्वर महादेव मंदिर का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दिए निर्देश
