EXPLAINED: क्या Gen Z ने बदल दी आंदोलन की पहचान? जब memes बने हथियार और Reels बन गई आंदोलन की नई आवाज
दिल्ली। तनावपूर्ण माहौल है। पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने खड़े हैं। इसी बीच एक छात्र मुस्कराते हुए पुलिसकर्मियों से कहता है, "भाई साहब, टियर गैस की व्यवस्था नहीं है। कुछो व्यवस्था आपलोग नहीं किए हैं। ऐ वाटर कैनन कहां है? पानी-उनी भी नहीं है।" छात्र का यह अंदाज देखकर आसपास मौजूद लोग भी हंसने लगते हैं। कुछ ही मिनटों में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाता है। यही नहीं, पटना में प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, तब भी तस्वीर कुछ अलग दिखी। जहां आमतौर पर पानी की तेज बौछार पड़ते ही लोग पीछे हट जाते हैं, वहीं कुछ युवाओं ने उसी बौछार को 'वाटर पार्क' जैसा माहौल बना दिया और रेन डांस करने लगे।
शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा के साथ ही जंतर-मंतर से आंदोलन खत्म हो चुका है, लेकिन उसने एक ऐसा सवाल छोड़ दिया है जिस पर अब भी बहस जारी है। क्या देश में विरोध प्रदर्शन की भाषा बदल रही है? क्या अब आंदोलन सिर्फ सड़कों पर नहीं, बल्कि मोबाइल स्क्रीन पर भी लड़ा जा रहा है? इस आंदोलन के दौरान धरना स्थल पर जितनी चर्चा छात्रों की मांगों की हुई, उतनी ही चर्चा उनके विरोध जताने के अंदाज की भी हुई। हाथों में तख्तियां थीं, लेकिन कैमरे भी ऑन थे। नारे लग रहे थे, लेकिन उसी समय इंस्टाग्राम रील्स रिकॉर्ड हो रही थीं। सोशल मीडिया पर हैशटैग ट्रेंड कर रहे थे, मीम्स बन रहे थे और कुछ वीडियो कुछ ही घंटों में लाखों लोगों तक पहुंच रहे थे। यहीं से यह सवाल पैदा हुआ कि क्या जेन-ज़ी (Gen Z) ने विरोध प्रदर्शन की
परिभाषा बदलनी शुरू कर दी है?
पोस्टर से पोस्ट तक का सफर एक समय था जब किसी आंदोलन की ताकत धरना स्थल पर मौजूद भीड़ से मापी जाती थी। अगले दिन अखबारों की सुर्खियां और टीवी की तस्वीरें तय करती थीं कि आंदोलन कितना बड़ा था। अब तस्वीर बदल रही है। भीड़ के साथ-साथ व्यूज़, शेयर्स, कमेंट्स और ट्रेंडिंग हैशटैग्स भी चर्चा का हिस्सा बन चुके हैं। इसका मतलब यह नहीं कि सड़क की अहमियत कम हो गई है। फर्क सिर्फ इतना है कि आंदोलन का एक नया मंच तैयार हो गया है। सड़क पर उठी आवाज अब कुछ ही मिनटों में मोबाइल स्क्रीन तक पहुंच जाती है और वहीं से लाखों लोगों के बीच फैल जाती है।
Gen Z का तरीका क्यों अलग दिखा?
यह पीढ़ी इंटरनेट और स्मार्टफोन के दौर में बड़ी हुई है। इसलिए इसकी अभिव्यक्ति भी डिजिटल है। बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी भर्तियों जैसे गंभीर मुद्दों को भी इसने सिर्फ नारों तक सीमित नहीं रखा। छोटे वीडियो, मीम्स, व्यंग्य और रचनात्मक कंटेंट के जरिए भी अपनी बात कही। कई ऐसे वीडियो सामने आए, जो पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए और उसके बाद टीवी चैनलों और न्यूज वेबसाइटों की सुर्खियां बने। इससे साफ हुआ कि डिजिटल प्लेटफॉर्म अब सिर्फ सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि जनमत तैयार करने का भी एक प्रभावी जरिया बन चुके हैं।
रिपोर्ट क्या कहती है?
रॉयटर्स इंस्टीट्यूट डिजिटल न्यूज़ रिपोर्ट 2026 (Reuters Institute Digital News Report 2026) के अनुसार, 18 से 24 वर्ष के आधे से अधिक युवा अपनी खबरें सोशल मीडिया, वीडियो प्लेटफॉर्म और डिजिटल क्रिएटर्स के जरिए प्राप्त करते हैं। यही वजह है कि 30 से 60 सेकेंड की एक रील कई बार लंबे भाषण से ज्यादा लोगों तक पहुंच जाती है। हालांकि विशेषज्ञ यह भी स्पष्ट करते हैं कि वायरल कंटेंट और वास्तविक जनसमर्थन दोनों अलग-अलग चीजें हैं। किसी आंदोलन की सफलता आज भी संगठन, नेतृत्व और जमीनी भागीदारी पर ही निर्भर करती है।
ट्रोलिंग का भी बदला जवाब
इस आंदोलन के दौरान एक और बदलाव देखने को मिला। सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग का जवाब हर बार गुस्से से नहीं दिया गया। कई युवाओं ने मीम्स, सटायर और AI आधारित विजुअल कंटेंट के जरिए अपनी बात रखी। कुछ मामलों में विरोधियों के तंज को भी व्यंग्य में बदलकर सोशल मीडिया अभियान का हिस्सा बना दिया गया।
बिहार के वायरल वीडियो क्यों चर्चा में रहे?
जंतर-मंतर आंदोलन के समानांतर बिहार के छात्र आंदोलन से जुड़े कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। एक वीडियो में प्रदर्शनकारी छात्र पुलिस से मुस्कराते हुए पूछता है, "भाई साहब, टियर गैस की व्यवस्था नहीं है? वाटर कैनन कहां है?" यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचा और सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया गया। पटना में वाटर कैनन चलने के दौरान कुछ युवाओं के रेन डांस वाले वीडियो भी खूब चर्चा में रहे। इन तस्वीरों ने यह दिखाया कि नई पीढ़ी विरोध दर्ज कराने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ दृश्यात्मक और डिजिटल अभिव्यक्ति का भी इस्तेमाल कर रही है। हालांकि तस्वीर का दूसरा पहलू भी सामने आया। कुछ स्थानों पर हिंसा हुई, पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इससे यह स्पष्ट हुआ कि किसी भी आंदोलन का मूल्यांकन करते समय शांतिपूर्ण प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं में फर्क करना जरूरी है।
सिर्फ मीम्स से नहीं जीतते आंदोलन
यूनेस्को (UNESCO) की रिपोर्ट बताती है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों को सिर्फ जानकारी लेने का नहीं, बल्कि खुद कंटेंट बनाकर अपनी बात रखने का अवसर भी देते हैं। साथ ही संस्था मीडिया साक्षरता, सही सूचना और फेक न्यूज से बचाव को भी उतना ही महत्वपूर्ण मानती है। विश्लेषकों की राय भी लगभग यही है। उनका कहना है कि मीम्स और रील्स किसी मुद्दे को तेजी से लोगों तक पहुंचा सकते हैं, लेकिन वे संगठन, जनसमर्थन और जमीनी संघर्ष की जगह नहीं ले सकते।
बदल रही है विरोध की भाषा
जंतर-मंतर का आंदोलन एक बात जरूर बता गया। अब आंदोलन सिर्फ पोस्टर, बैनर और नारों तक सीमित नहीं है। पोस्ट के साथ पोस्टर, हैशटैग के साथ नारे और रील्स के साथ धरना-ये सभी अब विरोध की नई तस्वीर का हिस्सा बन चुके हैं। आने वाले वर्षों में आंदोलन की ताकत सिर्फ इस बात से नहीं आंकी जाएगी कि सड़क पर कितने लोग थे, बल्कि इससे भी कि उस मुद्दे ने लोगों के मोबाइल तक कितनी तेजी से पहुंच बनाई। फिर भी अंतिम सच वही रहेगा-सोशल मीडिया किसी आंदोलन को गति दे सकता है, लेकिन उसे मंजिल तक पहुंचाने का काम आज भी जनता की भागीदारी और जमीनी संघर्ष ही करते हैं।
