Delhi Protest : NEET पेपर लीक में जान गंवाने वाले छात्रों को INDIA गठबंधन के सांसदों ने दी श्रद्धांजलि, राहुल गांधी बोले- छात्रों के साथ खड़ा है पूरा विपक्ष

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

गांधी स्मृति पहुंचकर विपक्षी सांसदों ने दी श्रद्धांजलि, इंडिया गेट मार्च पर रोक को लेकर सरकार पर साधा निशाना

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं ने गांधी स्मृति पहुंचकर NEET पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी। विपक्ष ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन का ऐलान करते हुए सरकार पर उन्हें रोकने का आरोप लगाया।

नई दिल्ली। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं ने गुरुवार को NEET पेपर लीक प्रकरण के बाद जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद गांधी स्मृति पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि देने के साथ राष्ट्रगान भी गाया।

इससे पहले राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों का समर्थन करने और संसद के भीतर एवं बाहर सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की गई।

गांधी स्मृति पहुंचे विपक्षी सांसद

राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद बस से गांधी स्मृति पहुंचे। वहां सभी नेताओं ने हाथ जोड़कर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी अपने साथ संविधान की एक छोटी प्रति लिए हुए थे, जबकि तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माझी राष्ट्रीय ध्वज थामे नजर आईं। कुछ सांसदों ने मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर भी श्रद्धांजलि दी।

रास्ते में पुलिस ने रोका, बाद में दी अनुमति

तीस जनवरी मार्ग की ओर बढ़ रहे विपक्षी नेताओं को पहले पुलिस ने सुनहरी बाग रोड पर बैरिकेड लगाकर रोका। बाद में बैरिकेड हटाए गए, लेकिन अमित शाह के आवास के पास फिर उन्हें रोक दिया गया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में बीएनएस की धारा 163 लागू होने के कारण पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध है। बाद में विपक्षी नेताओं को गांधी स्मृति जाने की अनुमति दे दी गई।

राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि कोई भी उन्हें भारत के छात्रों के साथ खड़े होने से नहीं रोक सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों को पहले इंडिया गेट और फिर तीस जनवरी मार्ग जाने से रोकने की कोशिश की गई। राहुल गांधी ने कहा, "भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके और उनकी मांगों के साथ खड़ा है।" उन्होंने बस में रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में कहा कि यदि छात्र सड़कों पर हैं तो सांसदों का भी सड़कों पर होना जरूरी है।

बैठक में कई विपक्षी नेता रहे मौजूद

राहुल गांधी के आवास पर हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, जयराम रमेश, के.सी. वेणुगोपाल, पी. चिदंबरम, प्रमोद तिवारी, के. सुरेश, कुमारी सैलजा, प्रणीति शिंदे समेत कई कांग्रेस नेता शामिल हुए। इसके अलावा राजद, तृणमूल कांग्रेस, माकपा, आरएसपी और अन्य दलों के सांसद भी बैठक में मौजूद रहे।

संबंधित समाचार