Jantar Mantar Protest : जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके पर फेंकी गई नीली स्याही, बोले- 'नीला रंग तो मेरा है, जय भीम'
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके पर नीली स्याही फेंकी गई। उन्होंने घटना का वीडियो एक्स पर साझा करते हुए "नीला रंग तो मेरा है, जय भीम" लिखा। वहीं, सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा सफदरजंग अस्पताल ले जाने के बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का ऐलान किया।
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर शनिवार को आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर नीली स्याही फेंक दी। घटना उस समय हुई जब वह प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे थे। घटना का वीडियो उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर साझा किया।
https://twitter.com/abhijeet_dipke/status/2078389986567586005
'नीला रंग तो मेरा है, जय भीम'
घटना के बाद अभिजीत दिपके ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "नीला रंग तो मेरा है। जय भीम।" उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।
https://twitter.com/CJP_for_India/status/2078401491774439805
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का ऐलान
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद अभिजीत दिपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रदर्शन स्थल पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

अब तक क्या-क्या हुआ
- सोनम वांगचुक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे थे।
- शनिवार तड़के उनकी तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले गई। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य कारणों से यह कदम उठाया गया, जबकि समर्थकों ने इसे जबरन हटाने की कार्रवाई बताया।
- वांगचुक के अस्पताल पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके ने आंदोलन की कमान संभालते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की।
- दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ सख्ती की और उनके साथ भी अभद्रता की। हालांकि दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग या लाठीचार्ज से इनकार किया है।
- इसी बीच शनिवार को प्रदर्शन के दौरान दिपके पर नीली स्याही फेंकी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद उन्होंने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "नीला रंग तो मेरा है। जय भीम।"
खबर अपडेट हो रही है
