Bareilly News : संसद में गरजेंगे आंवला सांसद नीरज मौर्य, MSP से एम्स तक उठाएंगे जनता के मुद्दे
आंवला सांसद बोले- किसानों, युवाओं और जनहित से जुड़े सवालों पर सरकार से जवाबदेही तय कराएंगे, बरेली में एम्स और 300 बेड अस्पताल का मुद्दा भी उठेगा
आंवला सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र में रोजगार, किसानों के हित, एमएसपी की कानूनी गारंटी, शिक्षा, स्मार्ट सिटी, भ्रष्टाचार, चुनावी पारदर्शिता, नीट परीक्षा, राम मंदिर सुरक्षा और बरेली के स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बरेली, अमृत विचार। आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने कहा है कि 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र में क्षेत्र और देशहित से जुड़े जनसरोकार के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बरेली स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सरकार से जवाबदेही तय कराना और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
रोजगार, शिक्षा और स्मार्ट सिटी पर सरकार को घेरेंगे
सांसद नीरज मौर्य ने बताया कि मानसून सत्र में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का सृजन, प्रभावी रोजगार नीति, सरकारी विद्यालयों की गिरती शिक्षा व्यवस्था, घटते नामांकन, स्मार्ट सिटी मिशन के कार्यों की समीक्षा और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की भर्ती, शिक्षक भर्ती में टीईटी (TET) की अनिवार्यता की समीक्षा, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
किसानों के मुद्दे रहेंगे प्राथमिकता में
सांसद ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावों की वास्तविक स्थिति, फसल नुकसान के मुआवजे में विसंगतियां, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी, किसानों की कर्जमाफी, खाद की उपलब्धता, महंगे डीजल-पेट्रोल से बढ़ती कृषि लागत और कृषि संकट जैसे मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाया जाएगा।
भ्रष्टाचार और चुनावी पारदर्शिता पर भी चर्चा
नीरज मौर्य ने कहा कि थानों, तहसीलों और विभिन्न सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, चुनावी पारदर्शिता, चुनावी चंदे की व्यवस्था, ई-20 ईंधन नीति तथा भविष्य में डीजल में ब्यूटेनॉल मिश्रण के संभावित प्रभावों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने बताया कि राम मंदिर परिसर में कथित चोरी की घटना से जुड़े सुरक्षा और जवाबदेही के प्रश्न भी मानसून सत्र में उठाए जाएंगे।
बरेली के स्थानीय मुद्दों को भी देंगे प्राथमिकता
सांसद ने कहा कि संसद में बरेली और आंवला क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से रखे जाएंगे। इनमें किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराना, बंद पड़ी रबर फैक्ट्री के समाधान के लिए सरकार और कर्मचारियों के बीच संवाद स्थापित कराना, 300 बेड अस्पताल को पूर्ण क्षमता से संचालित कराना और बरेली में एम्स की स्थापना की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि संसद में उठाए जाने वाले सभी विषय जनता की आवाज हैं और उनका प्रयास रहेगा कि सरकार इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने के साथ प्रभावी कार्रवाई भी करे। प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव, पीयूष वर्मा, डॉ. नरेंद्र गौतम, मयंक शुक्ला, सत्यवीर चौहान, संजय शास्त्री, शगुन तोमर और शिवकुमार शाक्य समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
