फर्जी बंशी बनाकर 45 लाख ठगने वाले छह गिरफ्तार, बाराबंकी पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, अमृत विचार : बदोसरांय कोतवाली पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी बैनामा के जरिए 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद की है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सफदरगंज थाना क्षेत्र के चन्दवारा गांव निवासी कृष्णावती ने 9 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने 7 मई को टिकैतनगर क्षेत्र के डेरेराजा गांव निवासी बंशीलाल की जमीन का बैनामा कराया था।
बाद में पता चला कि असली बंशीलाल की जगह एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बैनामा कराया गया और उनसे 45 लाख रुपये, जिनमें 15 लाख रुपये आरटीजीएस तथा 30 लाख रुपये नकद थे, ठग लिए गए।
इस मामले में बदोसरांय थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने जांच के दौरान छह आरोपियों सुनील कुमार वर्मा उर्फ सुशील, रविनन्दन द्विवेदी, विनोद कुमार, राजकुमार, नन्दकिशोर और बंशी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से स्विफ्ट कार भी बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वादिनी के पुत्र को डेरेराजा गांव में 13 बीघा जमीन दिखाई और बंशी को फर्जी तरीके से असली बंशीलाल बनाकर पेश किया।
इसके बाद तहसील सिरौली गौसपुर में कृष्णावती के नाम बैनामा करा दिया गया। जमीन पर कब्जा लेने के दौरान पीड़ित पक्ष को धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
