Bahraich News : 1.03 करोड़ रुपये से जिला पुस्तकालय बना डिजिटल लाइब्रेरी, नीति आयोग के संयुक्त सचिव ने किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाई-फाई, ऑनलाइन-ऑफलाइन स्टडी मैटेरियल और वातानुकूलित सुविधा से प्रतियोगी छात्रों को मिलेगा लाभ, डीएम ने बताईं अपग्रेडेशन की खासियत

प्रतियोगी छात्रों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गेंदघर मैदान स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय को 1.03 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया गया है, जहां ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार की अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

बहराइच। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बहराइच के राजकीय जिला पुस्तकालय को डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया गया है। नीति आयोग भारत सरकार से वर्ष 2023 में प्राप्त 1.03 करोड़ रुपये (103.65 लाख) की धनराशि से गेंदघर मैदान स्थित पुस्तकालय का आधुनिकीकरण किया गया है।

जनपद भ्रमण पर पहुंचे नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी एवं भारत सरकार के संयुक्त सचिव आलोक तिवारी ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के साथ डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम निर्माण खंड द्वारा कराए गए अपग्रेडेशन कार्य का जायजा लिया।

cats

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पुस्तकालय के नवीनीकरण में सबसे बड़ी चुनौती पहले से मौजूद पुस्तकों, फर्नीचर और अलमारियों को सुरक्षित हटाकर निर्माण कार्य पूरा करना था। सभी चुनौतियों के बावजूद पुस्तकालय को वातानुकूलित (एयर कंडीशंड) बनाया गया है और यहां वाई-फाई सहित डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

गरीब व मेधावी छात्रों को आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का मिलेगा लाभ

डीएम ने बताया कि अब प्रतियोगी छात्रों को एक ही स्थान पर न्यूनतम शुल्क पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार की अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो रही है। इससे विशेष रूप से गरीब एवं मेधावी छात्रों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर अध्ययन का अवसर मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद, सहायक अभियंता इं. चंद्र प्रकाश त्रिवेदी, आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. पीयूष नायक, अपर सांख्यिकीय अधिकारी तीरथ राम वर्मा समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार