Lucknow News : ब्रजेश पाठक के आवास पर भाजपा नेताओं की 'मैंगो पार्टी', नितिन नबीन, CM योगी समेत दिग्गजों ने लिया आम का स्वाद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमृत विचार डेस्क/ लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को भाजपा के शीर्ष नेताओं की एक अनौपचारिक मुलाकात चर्चा का विषय बनी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर आयोजित इस आत्मीय मिलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल हुए।

इस दौरान सभी नेताओं ने प्रदेश के प्रसिद्ध आमों का स्वाद लिया और आपसी सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की। आम के मौसम में आयोजित इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई।

हालांकि इस बैठक को लेकर किसी औपचारिक राजनीतिक एजेंडे की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की एक साथ मौजूदगी को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय का संदेश माना जा रहा है।प्रदेश में आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के बीच वरिष्ठ नेताओं की यह अनौपचारिक बैठक भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानिए क्या बोले ब्रजेश पाठक

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए संस्कृत का श्लोक लिखा..

"फलानां राजा आम्रं हि सर्वदा मधुरं प्रियम्।
ग्रीष्मकाले तु संप्राप्ते सर्वैः खाद्यते सादरम्।।"

उन्होंने पोस्ट में लिखा कि उनके आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और अन्य गणमान्यजनों के साथ फलों के राजा "आम" का रसास्वादन करने का अवसर मिला। यह तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की इस आत्मीय मुलाकात को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण का प्रतीक माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-Mission 2027 UP : लखनऊ में नितिन नबीन की मैराथन बैठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और NDA सहयोगियों संग बनी रणनीति

संबंधित समाचार