Lucknow Football League: लखनऊ फुटबॉल लीग 10 जुलाई से शुरू,चौक स्टेडियम में 24 टीमें दिखाएंगी दम
सतवंत सिंह और ओलंपियन रविंद्र पाल सिंह की स्मृति में आयोजित होगी प्रतियोगिता, छह पूल में बांटी गईं टीमें, जल्द जारी होगा पूरा फिक्स्चर
लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी में फुटबॉल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। सतवंत सिंह और ओलंपियन स्वर्ण पदक विजेता रविंद्र पाल सिंह की स्मृति में आयोजित होने वाली लखनऊ फुटबॉल लीग-2026 का आगाज 10 जुलाई से चौक स्टेडियम में होगा। इस प्रतिष्ठित लीग में शहर के विभिन्न क्लबों की 24 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।
प्रतियोगिता के सफल संचालन को लेकर केडी सिंह बाबू स्टेडियम में लखनऊ फुटबॉल संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 23 क्लबों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हिस्सा लिया। संघ के सचिव कन्हैया लाल ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और सभी टीमों का पूल निर्धारण भी कर दिया गया है। अब आगामी बैठक में लीग का विस्तृत फिक्स्चर जारी किया जाएगा, जिसके बाद उद्घाटन मुकाबले समेत सभी मैचों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
इस बार लीग में भाग लेने वाली 24 टीमों को छह पूल में विभाजित किया गया है और प्रत्येक पूल में चार-चार टीमें शामिल हैं।
पूल A: टेक्ट्रो एफसी, एलडीए (बी), कलंदी एफसी, उजय एफसी
पूल B: स्पोर्ट्स कॉलेज, टीएफए (बी), आरबीआई, लखनऊ एरोज
पूल C: एक्स-स्टूडेंट्स, फाल्कन रिजर्व, न्यू बॉयज, चौक स्पोर्टिंग
पूल D: एलडीए (ए), टीएफए (ए), मिलानी एफसी, अलीगंज वॉरियर्स
पूल E: यूपी पुलिस, टेक्ट्रो रिजर्व, कैंट स्पोर्टिंग, एसआर क्लब
पूल F: लखनऊ फाल्कन एफसी, एलीट एफसी, आरए बॉयज समेत चार टीमें प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगी।
शहर के कई प्रतिष्ठित क्लब इस लीग में भाग लेकर खिताब जीतने के लिए जोरदार मुकाबला करेंगे। फुटबॉल प्रेमियों की नजरें अब आगामी फिक्स्चर और उद्घाटन मुकाबले पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ेंः IND vs ENG: '15वें ओवर तक मैच हमारे नियंत्रण में था', हार के बाद श्रेयस अय्यर ने बताई टर्निंग प्वाइंट
