Shahjahanpur News : शाहजहांपुर में ट्रक की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत, 13 घायल
गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे को नवादा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
इस बार सावन माह में शाहजहांपुर में कई सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें कांवड़ियों की मौतें हुईं। बरेली मंडल में जहां शून्य एक्सीडेंट के साथ कांवड़ यात्रा संपन्न कराने की तैयारी थी। वहां एक के बाद एक, ताबड़तोड़ कई हादसे सामने आए है। अब एक बार फिर शाहजहांपुर दुर्घटना में दो कांवड़ियों की मौत हो गई।
अमृत विचार : शाहजहांपुर के जैतीपुर क्षेत्र के बबियाना गांव निवासी कांवड़ियों की ट्राली में शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्राली में सवार दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान गुड्डी और अमन के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे शाहजहांपुर में नवादा रोड पर मानपुर गांव के पास हुआ। कांवड़ियों का जत्था जल लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। ट्राली में सवार कांवड़ियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 15 कांवड़िए घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल गुड्डी और अमन की हालत गंभीर थी, इसलिए इन्हें बरेली लाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
इसे भी पढ़ें-बरेली, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल बनेंगे डेयरी हब, इन क्षेत्रों में क्या है सरकार का प्लान-जानिए
