Somalia-Yemen के पास दो कमर्शियल जहाज हाईजैक, समुद्री डाकुओं के चंगुल में आये 22 भारतीय

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

समुद्री डाकुओं के चंगुल में 22 भारतीयों के फंसने की खबर सामने आई है। घटना के बाद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

दिल्ली। यमन और सोमालिया के तट के पास अलग-अलग घटनाओं में समुद्री डाकुओं ने दो वाणिज्यिक पोत का अपहरण कर लिया जिन पर कुल 22 भारतीय नागरिक सवार हैं। पोत परिवहन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ताजा जानकारी के अनुसार, भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। 

यमन के पास 16 भारतीयों वाला जहाज हाईजैक

अधिकारी ने बताया कि सशस्त्र समुद्री डाकुओं ने 20 अगस्त को इरिट्रिया के ध्वज वाले तेल उत्पाद टैंकर 'एम टी सिबू 1' का अदन की खाड़ी में यमन के तट से करीब 30 समुद्री मील दूर अपहरण कर लिया। उन्होंने बताया कि पोत पर सवार चालक दल के 20 सदस्यों में 16 भारतीय और सीरिया, सूडान एवं इराक का एक-एक नागरिक शामिल है जबकि एक अन्य नाविक की राष्ट्रीयता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। 

6 हथियार बंद समुद्री डाकुओं ने किया अपहरण 

उन्होंने कहा, ''भर्ती एवं नियुक्ति सेवा लाइसेंस (आरपीएसएल) एजेंसी 'एस के एस कृषि मरीन सर्विसेज (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड' से मिली जानकारी के अनुसार, छह सशस्त्र समुद्री डाकू फिलहाल पोत पर सवार हैं और उन्होंने इसे अपने नियंत्रण में ले लिया है।'' अधिकारी ने बताया कि आरपीएसएल एजेंसी को घटना की रिपोर्ट और उसके बाद समय-समय पर मिलने वाली जानकारी जांच एवं रिकॉर्ड के लिए 'ई-नाविक' ऑनलाइन समुद्री दुर्घटना रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से जमा करने को कहा गया है। 

सोमालिया के पास 6 भारतीयों वाला जहाज 

उन्होंने बताया कि समुद्री डाकुओं ने कैमरून के ध्वज वाले एक अन्य मालवाहक पोत 'लुतुफ' का 17 अगस्त को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास अपहरण कर लिया। इस पोत के चालक दल के 10 सदस्यों में छह भारतीय हैं। अधिकारी ने कहा, ''जानकारी के अनुसार, आठ समुद्री डाकू दो छोटी नौकाओं से पोत पर चढ़े। उनके पास एके-47 जैसे हथियार थे।'' उन्होंने कहा, ''चालक दल के सदस्य शुरू में पोत के सुरक्षित कक्ष में चले गए थे लेकिन समुद्री डाकू वहां पहुंच गए और बाद में उन्हें पोत के नियंत्रण कक्ष (ब्रिज) में ले आए। पोत फिलहाल समुद्री डाकुओं के नियंत्रण में है। अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

ये भी पढ़े : 
इमरान खान के लिए पूर्व क्रिकेटरों ने लिखा ओपन लेटर, पाक पीएम शाहबाज शरीफ से हेल्थ को लेकर की ये अपील

संबंधित समाचार