इमरान खान के लिए पूर्व क्रिकेटरों ने लिखा ओपन लेटर, पाक पीएम शाहबाज शरीफ से हेल्थ को लेकर की ये अपील

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बिगड़ती तबीयत के बीच उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अडियाला जेल से इस्लामाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया। PTI लंबे समय से उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताती रही है।

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान को बिगड़ती तबीयत के बीच इस्लामाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अडियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाया गया। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) लंबे समय से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता जताती रही है। पार्टी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने सरकार को उन्हें जांच और इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अस्पताल ले जाया गया

जस्टिस शाहिद वहीद की अध्यक्षता वाली पीठ ने सरकार को इमरान खान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था। इसके बाद शुक्रवार तड़के उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अडियाला जेल से इस्लामाबाद लाया गया। PTI ने बयान जारी कर कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पूर्व प्रधानमंत्री को शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि 73 वर्षीय इमरान खान को अस्पताल में कितने समय तक रखा जाएगा।

सरकार ने आदेश पर जताई आपत्ति

पाकिस्तान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पुनर्विचार की मांग की थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय ने अधूरे दस्तावेजों का हवाला देते हुए सरकार की याचिका वापस कर दी। सरकार का तर्क है कि इमरान खान को उनकी पसंद के निजी अस्पताल में इलाज की अनुमति देना भेदभावपूर्ण होगा। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, सरकार रजिस्ट्रार की आपत्तियों के खिलाफ अपील करने के साथ कुछ संशोधनों के साथ नई याचिका भी दाखिल कर सकती है।

आंख की बीमारी को लेकर भी जताई गई थी चिंता

PTI और इमरान खान के वकील इस साल फरवरी से ही उनकी सेहत को लेकर चिंता जताते रहे हैं। पार्टी ने दावा किया था कि उनकी दाईं आंख में बीमारी विकसित होने के बाद उनकी नजर काफी कमजोर हो गई थी और समय पर इलाज नहीं मिल पाया। इसके बाद उन्हें कई बार इस्लामाबाद के सरकारी PIMS अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हर बार उनका अस्पताल में रहना कुछ समय तक ही रहा।

14 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने लिखा था खुला पत्र

इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर इस साल की शुरुआत में 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खुला पत्र भी लिखा था। इसमें इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए उनके साथ सम्मान और बुनियादी मानवीय संवेदनाओं के साथ व्यवहार करने की अपील की गई थी। इस पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में ग्रेग चैपल, सुनील गावस्कर और कपिल देव जैसे पूर्व दिग्गज क्रिकेटर भी शामिल थे।

अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान खान

इमरान खान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। वह भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में मिली अलग-अलग सजा काट रहे हैं। हालांकि, इमरान खान और उनकी पार्टी इन आरोपों को लगातार खारिज करते रहे हैं। फिलहाल उनकी अस्पताल में भर्ती के बाद उनके स्वास्थ्य और इलाज पर सभी की नजर है।

ये भी पढ़े : 
होर्मुज संकट के बीच भारत का बड़ा कदम, वेनेजुएला से पूरी करेगा क्रूड ऑयल की आपूर्ति

संबंधित समाचार