जब स्कूल की बेटियों ने जवानों को भेजीं 15 हजार राखियां, बोलीं- सीमा पर खड़े भाइयों को हमारा सलाम
लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की छात्राओं ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए 15,000 राखियां भेजीं। 12 छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल ने मेजर जनरल मनीष कुकरेती को राखियां सौंपकर इन्हें जवानों तक पहुंचाने का अनुरोध किया और सैनिकों की कलाई पर भी राखी बांधी।
लखनऊ। रक्षाबंधन के पर्व से पहले लखनऊ की स्कूली छात्राओं ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति अपने भाईचारे और सम्मान की अनूठी मिसाल पेश की। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की छात्राओं ने जवानों के लिए 15,000 राखियां भेजी हैं। स्कूल की 12 छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल ने मेजर जनरल मनीष कुकरेती से मुलाकात कर उन्हें ये राखियां सौंपीं।
छात्राओं ने आग्रह किया कि इन राखियों को सीमा पर तैनात देश के वीर सैनिकों तक पहुंचाया जाए। इस दौरान छात्राओं ने वहां मौजूद सैनिक भाइयों की कलाई पर भी राखी बांधी। इस भावुक पल में छात्राओं ने जवानों के प्रति अपना सम्मान और देश की रक्षा के लिए उनके समर्पण के प्रति आभार जताया।
22 कैंपस की छात्राओं का संदेश
12 छात्राओं का यह प्रतिनिधिमंडल स्कूल के सभी 22 कैंपसों का प्रतिनिधित्व कर रहा था। छात्राओं ने कहा कि अपने परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे जवानों को राखी भेजना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने सैनिकों की लंबी उम्र और सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए कहा कि पूरा देश उनके साहस और समर्पण को नमन करता है। छात्राओं के इस प्रयास का मकसद रक्षाबंधन के त्योहार के जरिए उन सैनिकों तक अपनापन पहुंचाना है, जो अपने घर-परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल में वार्या कोहली, दिया सिंह, आस्था शुक्ला, अशिका रस्तोगी, आद्रिका मिश्रा, जिया गंगवानी, रक्षा शुक्ला, आरोही निगम, सान्वी वशिष्ठ, अंशिका तिवारी, संस्कृति सिंह और समृद्धि त्रिपाठी शामिल रहीं।
यह भी पढ़ेंः न भाषा की दीवार, न दूरी का असर! CM योगी के घर India-Japan Youth ने मनाया Friendship Fest, देखें Photos
