UPSSSC Recruitment Result: 5,369 पदों पर भर्ती का इंतजार खत्म होने वाला! UPSSSC ने बताया कब आएगा फाइनल रिजल्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक और सहायक स्तर-III भर्ती का चयन परिणाम अंतिम चरण में, 2.43 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी लिखित परीक्षा

लखनऊ, अमत विचार: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने कहा है कि विज्ञापन संख्या 08-परीक्षा/2023 के तहत कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-III के 5,369 रिक्त पदों पर परीक्षा का चयन परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नियमानुसार निर्धारित प्रक्रियाओं का अनुपालन करते हुए अंतिम चयन परिणाम 10 सितंबर 2026 तक घोषित किए जाने की संभावना है।

इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 29 जून 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें 2,43,981 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। लिखित परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर-कुंजी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर 3 जुलाई 2025 को अपलोड की गई थी। अभ्यर्थियों से प्राप्त आपत्तियों के निराकरण के लिए विषय विशेषज्ञों की रिपोर्ट 21 जुलाई 2025 को आयोग को प्राप्त हुई। इसके बाद लिखित परीक्षा के अंतिम परिणाम की प्रक्रिया पूरी कर 30 अगस्त 2025 को परिणाम प्रकाशित किया गया।

टंकण परीक्षा में 90,336 अभ्यर्थी हुए थे शामिल

लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर टंकण परीक्षा के लिए 90,336 अभ्यर्थियों का परिणाम एवं कटऑफ अंक 8 अक्टूबर 2025 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित किए गए। टंकण परीक्षा 23 नवंबर से 17 दिसंबर 2025 तक आयोजित हुई। इसके बाद कुल 26,570 अभ्यर्थियों से संबंधित अभिलेख परीक्षा के लिए दस्तावेज आयोग स्तर पर प्राप्त किए गए। आयोग के अनुसार इन अभ्यर्थियों की अभिलेख परीक्षण संबंधी कार्यवाही पूरी कर ली गई है।

अफवाहों पर ध्यान न दें

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि चयन प्रक्रिया से संबंधित सूचनाओं के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों पर भरोसा करें। अपुष्ट सूचनाओं, अफवाहों या सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों पर विश्वास न करें।

निष्पक्ष और पारदर्शी चयन का दावा

आयोग ने कहा है कि चयन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विभिन्न तकनीकी उपायों के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आयोग अभ्यर्थियों के हितों, परीक्षा की निष्पक्षता और चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, सूचनापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ेंः अटल आवासीय विद्यालयों में बंपर भर्ती का रास्ता साफ! Teacher’s Day तक भरेंगे शिक्षकों के सभी खाली पद, इन विषयों पर होगा खास फोकस

संबंधित समाचार