School Closed: कांवड़ यात्रा के चलते मुरादाबाद में 22 और 24 अगस्त को बंद रहेंगे सभी शिक्षण संस्थान, DM ने घोषित किया अवकाश

Amrit Vichar Network
On

कांवड़ यात्रा को लेकर मुरादाबाद में प्रशासन ने 22 और 24 अगस्त को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला किया है। कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों के साथ उच्च, तकनीकी, व्यावसायिक और चिकित्सा शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे। पहले से निर्धारित बोर्ड, विश्वविद्यालय और आयोग की परीक्षाएं प्रभावित नहीं होंगी।

मुरादाबाद, अमृत विचार। श्रावण महीने के अंतिम शनिवार और सोमवार को होने वाले कांवड़ यात्रा एवं जलाभिषेक को देखते हुए मुरादाबाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते संभावित जाम, सड़क दुर्घटना और शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 22 अगस्त (शनिवार) और 24 अगस्त (सोमवार) को जिले के सभी कक्षा एक से 12 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों के अलावा उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े सभी शिक्षण संस्थानों को भी इन दोनों दिनों बंद रखने का आदेश दिया है।

DM MURADABAD
डा. राजेंद्र पैंसिया, जिलाधिकारी मुरादाबाद
 
कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए लिया फैसला

श्रावण के अंतिम शनिवार को बड़ी संख्या में कांवड़ियों के जल लेने के लिए आवागमन करने और इसके बाद सोमवार को विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक व पूजा-अर्चना करने की परंपरा है। ऐसे में जिले के प्रमुख मार्गों और महानगर क्षेत्र में कांवड़ियों की भारी आवाजाही होने की संभावना है।

प्रशासन को आशंका है कि इससे जाम की स्थिति के साथ दुर्घटना और शांति भंग जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। इसी को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर दो दिनों का अवकाश घोषित किया गया है।

निर्धारित परीक्षाएं अपने समय पर होंगी

डीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी शिक्षण संस्थान में बोर्ड, विश्वविद्यालय या आयोग की ओर से पहले से निर्धारित कोई परीक्षा होनी है, तो वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

संबंधित समाचार