नवोदय विद्यालय में असुविधाओं पर फूटा छात्रों का गुस्सा, कमरों में खुद को किया बंद; डीएम पहुंचे तो सामने रखी समस्याएं
सीतापुर के हरधौरपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में खेल मैदान, बिजली, पानी और भोजन की व्यवस्था को लेकर छात्रों का प्रदर्शन; डीएम ने परिसर पहुंचकर सुनी शिकायतें और सुधार का दिया भरोसा
सीतापुर। विकासखंड ऐलिया के ग्राम हरधौरपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में खेल मैदान, बिजली, पानी और भोजन की बदहाल व्यवस्था से नाराज छात्र-छात्राओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मांगें पूरी न होने से आक्रोशित विद्यार्थियों ने खुद को हॉस्टल के कमरों में बंद कर लिया और जिलाधिकारी से सीधे वार्ता की मांग पर अड़ गए।
छात्रों से सीधे बातचीत करने पहुंचे डीएम
प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर छात्रों ने एडीएम से तीखे लहजे में कहा, सत्ता बदल जाए तब आना। इस बयान के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उधर, औचक निरीक्षण करने निकले जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय परिसर पहुंचे। उन्होंने नाराज छात्रों से सीधी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। जिसके बाद जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था को देखा तथा विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्युत व्यवस्था परखी।
.png)
रसोई में खाने की गुणवत्ता भी परखी
जिलाधिकारी विद्यालय की रसोई में भी पहुंचे और बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने रसोइयों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित यूनिफॉर्म में रहने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ने लाइब्रेरी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
शिक्षकों के साथ बैठक कर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक भी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा छात्रों की शिकायतों के समाधान पर जोर दिया।
काफी देर तक चली बातचीत और प्रशासन की ओर से समस्याएं दूर करने के आश्वासन के बाद विद्यालय परिसर में स्थिति सामान्य हो सकी।
मौके पर सीओ महोली नागेंद्र चौबे, थाना प्रभारी आशीष तिवारी समेत प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
यह भी पढ़ेंः UPSSSC Recruitment Result: 5,369 पदों पर भर्ती का इंतजार खत्म होने वाला! UPSSSC ने बताया कब आएगा फाइनल रिजल्ट
