बाराबंकी में पुलिस मुठभेड़: लूट का वांछित आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
कठोलिया पुल के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार आरोपी ने भागने की कोशिश की, पुलिस के मुताबिक फायरिंग के जवाब में हुई कार्रवाई में पैर में लगी गोली
सूरतगन्ज/बाराबंकी, अमृत विचार: मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को आधी रात के बाद कठोलिया पुल से छेदा रोड के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन बाइक फिसल गई।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दलबाग उर्फ सोनू पुत्र जसकरन, निवासी नाउनबाग मजरे टिकठा, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के दो मोबाइल, एक मोटरसाइकिल, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना मोहम्मदपुर खाला में दर्ज लूट के मुकदमे समेत थाना रामनगर के एक मामले में वांछित था। आरोपी के खिलाफ सीतापुर और बाराबंकी के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ेंः हाथरस में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार पलटी, तीन की मौत; ढाई साल के बच्चे समेत चार घायल
