Sambhal News : संभल हिंसा की जांच रिपोर्ट झूठी! बदायूं सांसद आदित्य यादव बोले-सरकार बनी तो दोबारा कराएंगे जांच
कांवड़ियों को आतंकी-नशेड़ी बताने वाले बयान को भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश बताया
सांसद ने कहा कि हिंसा की सच्चाई सामने आनी चाहिए और किसी भी दोषी को राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर संभल हिंसा की दोबारा निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।सजा दिलाई जाएगी।
अमृत विचार, संभल (बबराला) : संभल हिंसा की जांच रिपोर्ट पर स्थानीय नेताओं के बाद अब बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने भी न सिर्फ सवाल उठाए हैं, बल्कि रिपोर्ट को ही सिरे से खारिज कर दिया। आदित्य यादव ने कहा कि न्यायिक आयोग की रिपोर्ट झूठी है। प्रदेश में सपा सरकार बनने के बाद संभल हिंसा की जांच दोबारा कराई जाएगी। संभल में 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी और इसी पर अब न्यायिक आयोग की रिपोर्ट सामने आई है।
रविवार को गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान बबराला स्थित सीपीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद आदित्य यादव ने संभल हिंसा की जांच रिपोर्ट विधानसभा में पेश किए जाने के सवाल पर साफ कहा कि रिपोर्ट झूठी है। इस रिपोर्ट में कई अधिकारियों को बचाने की कोशिश की गई है।
सपा सरकार में मिलेगी सजा
सांसद ने कहा कि हिंसा की सच्चाई सामने आनी चाहिए और किसी भी दोषी को राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर संभल हिंसा की दोबारा निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।सजा दिलाई जाएगी।
माहौल बिगाड़ने वालों से सतर्क रहे समाज
कांवड़ियों को आतंकी और नशेड़ी बताने वाले मौलाना साजिद रशीदी के बयान पर सांसद आदित्य ने कहा कि ऐसे बयान समाज में भाईचारा और शांति बिगाड़ने की कोशिश हैं। भाजपा के एजेंडे को फायदा पहुंचाने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। समाज को ऐसे बयानों से सावधान रहने की जरूरत है। प्रदेश में कुछ लोग जानबूझकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा आस्था से जुड़ा विषय है और किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयान उचित नहीं हैं।
जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे
सांसद ने क्षेत्र के सपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनकी समस्याएं सुनीं। आश्वस्त किया कि जनता से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया जाएगा और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान सपा विधायक रामखिलाड़ी सिंह, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अमित यादव, अखिलेश यादव, कृष्ण मुरारी शंखधार, नौसे अली, शरद यादव, रमेश यादव, अंकुश गुप्ता, रोहित यादव, सतेंद्र यादव, नवनीत कुमार, रूपकिशोर यादव, जयपाल सिंह, वीर सिंह, पवन यादव और रामवीर सिंह समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
