श्रावस्ती में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, कोल्ड्रिंक का झांसा देकर शौचालय ले गया युवक
चीख सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने की आहट पर आरोपी फरार, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
श्रावस्ती: भिनगा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का ही 25 वर्षीय युवक बच्ची को कोल्ड्रिंक पिलाने का झांसा देकर शौचालय में ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की चीख सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने की आहट मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजन बच्ची को लेकर भिनगा कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सीओ भिनगा भरत पासवान और भिनगा कोतवाल ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गांव निवासी ननके (25) पुत्र बाबू के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने बच्ची को कोल्ड्रिंक देने के बहाने शौचालय में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
सीओ भिनगा भरत पासवान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ेंः नवोदय विद्यालय में असुविधाओं पर फूटा छात्रों का गुस्सा, कमरों में खुद को किया बंद; डीएम पहुंचे तो सामने रखी समस्याएं
