बाराबंकी में 1,250 करोड़ का फार्मा प्लांट! 2,000 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार, बनेंगी कैंसर की दवाएं
13 एकड़ में बायोजेंटा ग्लोबल की फैक्ट्री का भूमि पूजन, एंटी-कैंसर दवाओं के साथ हार्मोन्स और जीवनरक्षक दवाओं का होगा निर्माण
बाराबंकी/लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश को फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। बाराबंकी मेडिकल पार्क में बायोजेंटा ग्लोबल की 1250 करोड़ रुपये की फार्मास्युटिकल परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास हुआ । करीब 13 एकड़ में बनने वाली इस फैक्ट्री में एंटी-कैंसर दवाओं के साथ ह्युमन हार्मोन्स और अन्य महत्वपूर्ण जीवनरक्षक दवाओं का निर्माण किया जाएगा। परियोजना से 2000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में एफएसडीए कमिश्नर रोशन जैकब ने कहा कि विभाग नकली और अवैध दवाओं के खिलाफ कार्रवाई के साथ प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण दवा निर्माण को बढ़ावा देने पर भी काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि हाल में लखनऊ में हुए नेशनल फार्मा कॉन्क्लेव के दौरान 17 इकाइयों को लेटर ऑफ कंफर्ट (एलओसी) दिया गया था । बायोजेंटा इनमें साइट पर काम शुरू करने वाली पहली इकाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य कंपनियां भी जल्द भूमि पूजन और निर्माण के चरण में पहुंचेंगी। इनमें सात इकाइयों ने उत्पादन शुरू कर दिया है और उनकी सब्सिडी की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
35 देशों में मौजूदगी, यूपी में नई फैक्ट्री लगाएगी बायोजेंटा
बायोजेंटा ग्लोबल के एमडी दीपनारायण शर्मा ने बताया कि कंपनी की मौजूदगी 35 देशों में है। बाराबंकी मेडिकल पार्क में 13 एकड़ जमीन मिलने के बाद कंपनी ने यहां नई फैक्ट्री स्थापित करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि प्लांट में कैंसर की दवाएं, हार्मोन्स और अन्य जीवनरक्षक दवाओं का निर्माण होगा। कंपनी का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण दवाओं के साथ यूपी के 2000 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।
फार्मा कॉन्क्लेव के बाद जमीन पर उतरने लगा निवेश
नेशनल फार्मा कॉन्क्लेव में सन फार्मा, सिप्ला, डॉ. रेड्डीज, जायडस कैडिला, मैनकाइंड फार्मा, टॉरेंट फार्मा और डाबर समेत प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद 17 कंपनियों को एलओसी जारी किए गए। कार्यक्रम में एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, यूपीसीडा के सीईओ बलकार सिंह और मुख्यमंत्री के सलाहकार जीएन सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः भारत को दुश्मन मानते हैं 91% पाकिस्तानी, 80 साल बाद भी भारत-पाकिस्तान में इतनी नफरत क्यों? प्यू सर्वे में बड़ा खुलासा
