20 हजार की रिश्वत दो नहीं तो... होमगार्ड ने कमांडेंट पर लगाए गंभीर आरोप, CM योगी से लगाई न्याय की गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सीतापुर में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में तैनात होमगार्ड रामप्रताप रावत का आरोप है कि आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण के नाम पर उनसे 20 हजार रुपये मांगे गए। रकम न देने पर परेड ड्यूटी से हटाने और निलंबित करने की धमकी देने का भी आरोप है। जिला कमांडेंट ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

सीतापुर। जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में तैनात एक होमगार्ड ने जिला कमांडेंट पर रिश्वत मांगने और कार्रवाई की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की भी मांग की है।

होमगार्ड रामप्रताप रावत का आरोप है कि उनके और भाई जगमोहन लाल के बीच चल रहे भूमि विवाद से संबंधित आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण के नाम पर उनसे 20 हजार रुपये की मांग की गई। उनका कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह रकम देने में असमर्थ थे। आरोप है कि इसके बाद उन्हें परेड ड्यूटी से हटाने और निलंबित करने की धमकी दी गई।

रामप्रताप ने कहा कि वह नियमित रूप से ड्यूटी कर रहे हैं, लेकिन पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायत के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है। उधर, जिला कमांडेंट श्याम जीत शाही ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यवाही नियमानुसार की जाती है और किसी भी कर्मचारी के साथ नियमों के विपरीत व्यवहार नहीं किया जाता।

यह भी पढ़ेंः सीतापुर में ‘फर्जी टीचर फैक्ट्री’ का मास्टरमाइंड कौन? 45 बर्खास्तगी के बाद अब गुप्त जांच से खुलेगा बड़ा राज

संबंधित समाचार