Budaun News : राजा की सीकरी में बवाल करने पर रिपोर्ट दर्ज, नौ आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार
फैजगंज बेहटा के प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर 32 नाम समेत अज्ञात पर दर्ज की गई रिपोर्ट
बदायूं के राजा की सीकरी गांव में प्रतिमा लगाने के विवाद में ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया। बवाल करने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ओरछी/आसफपुर, अमृत विचार। ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा लगवाने की जिद पूरी न होने पर गांव में बवाल करने के 32 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया था। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे, अधिकारियों व निजी गाड़ियां तोड़ी थी। पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तारी करके जेल भेजा गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। बवाल के अगले दिन एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया कई थानों के पुलिस बल और पीएसी के साथ गांव में रुके रहे।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी में मंगलवार को ग्राम समाज की जमीन पर बिना अनुमति के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने का प्रयास किया गया था। ग्रामीणों ने सुबह से लेकर शाम तक धरना दिया। अधिकारियों के कई तरह से समझाने के बाद वह लोग नहीं माने। अंधेरा छाते ही ग्रामीणों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया था। पुलिस ने पहले तो हल्का बल प्रयोग किया लेकिन वह लोग नहीं माने तो पुलिस को भागना पड़ा। फैजगंज बेहटा के प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार समेत पांच पुलिसकर्मी, मीडियाकर्मी और अन्य लोग घायल हो गए थे। लगभग दर्जनभर गाड़ियां तोड़ दी थी। पत्थर गांव में घरों में पहुंचे थे। देर रात डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने मौका मुआयना किया था। गांव में जाकर ग्रामीणों से बात की।
प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ दो मामले जिसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने 12 धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी मुनेश, अमरपाल, उदयवीर, मोहित, नेम सिंह, मेघ सिंह, अमन, शिवम और दिनेश को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। और ग्राम प्रधान ज्योति की तहरीर पर जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करने के आरोप में कालीचरण, राम सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ अलग से मामला दर्ज हुआ है। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के नेतृत्व में कई थानों का पुलिस बल व पीएसी गांव में तैनात है। अगले दिन भी गांव में बवाल दौरान फेंके गए ईंट-पत्थर सड़क पर पड़े थे। जो उपद्रव की कहानी बयां कर रहे थे। वहीं गुरुवार को व्यापारियों ने प्रतिष्ठान खोले। गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल रहा। पुलिस प्रशासन ने सोशल साइट्स पर वायरल हो रही प्रतिमा तोड़ने व खंडित करने की सूचना को असत्य, भ्रामक व निराधारा कहा है।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : दरगाह आला हजरत के प्रमुख मौलाना सुब्हानी मियां ने परचमे रिसालत सौंपकर रवाना किया जुलूस-ए-मुहम्मदी
