Barabanki News: कल्याणी नदी पुल के पास हादसा, अयोध्या से लखनऊ जा रहे बाइक सवार की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी में कल्याणी नदी पुल के पास सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। वह अयोध्या से लखनऊ जा रहा था, तभी एक वाहन से उसकी बाइक की टक्कर हो गई।

बाराबंकी,  अमृत विचार। बुधवार की देर रात बाराबंकी-अयोध्या सीमा पर कल्याणी नदी पुल के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक अयोध्या जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसा उस समय हुआ जब वे अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना देर रात भिटरिया में  सोनू सिंह को मेरठ बस डिपो के ड्राइवर  से जानकारी मिली कि रामसनेहीघाट पुल पर तीन लोग सड़क पर पड़े हैं और एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही सोनू सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और कोतवाली रामसनेहीघाट के प्रभारी निरीक्षक दया शंकर द्विवेदी को हादसे की जानकारी दी। पुलिस के साथ ही एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। करीब 10 मिनट के भीतर एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने सड़क पर पड़े तीनों युवकों को हटाकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनीकोडर पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद अभय यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं विराट यादव और देवेंद्र मौर्य घायल मिले, जिनका उपचार शुरू किया गया।

हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। रात के समय सड़क पर पड़े घायलों और मृतक के कारण अन्य तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने का भी खतरा बना हुआ था। सूचना मिलते ही सोनू सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सड़क से हटवाने और पुलिस-एंबुलेंस को तत्काल सूचना देने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मृतक और दोनों घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

ये भी पढ़े : 
Barabanki News: ‘आंदोलन में सिपाही मत बनिए, पढ़ाई-रोजगार पर ध्यान दें’, वसीम राईन का छात्रों से आह्वान

संबंधित समाचार