क्या कृत्रिम बुद्धिमत्ता से बदल जाएगा ललित कला का पाठ्यक्रम
आज कला-शिक्षा एक ऐसे मोड़ पर आ खड़ी है, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल कलाकार के हाथ में आया नया उपकरण मात्र नहीं रह गया है, बल्कि अब यह चित्र या कलाकृति बनाने, देखने, सिखाने और समझने के तरीकों को भी प्रभावित करने लगी है। हाल में चीन से आई कुछ खबरों ने इस बहस को और तेज किया है कि क्या आने वाले समय में चित्रकला, मूर्तिकला और व्यावसायिक कला की पारंपरिक शिक्षा का स्थान कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षा ले सकती है? -
चीन के संदर्भ बात करते हुए एक सावधानी आवश्यक है, क्योंकि उपलब्ध सूचनाओं से यह कहना अभी सही नहीं होगा कि वहां पारंपरिक चित्रकला और मूर्तिकला की शिक्षा समाप्त कर पूरी तरह कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पाठ्यक्रम लागू कर दिया गया है, बल्कि जो परिवर्तन दिखाई दे रहा है, वह कला-शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तेजी से प्रवेश और पारंपरिक तथा डिजिटल शिक्षा के पुनर्गठन का है। उपलब्ध जानकारी यह है कि 2026 में चीन की छिंगहुआ विश्वविद्यालय की कला अकादमी ने कला महाविद्यालयों के शिक्षकों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और कला-शिक्षा पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता का सिद्धांत, कला-सृजन में उसका उपयोग तथा कला-शिक्षा के भविष्य जैसे विषय शामिल हैं।
वैसे चीन में यह परिवर्तन केवल कला तक सीमित नहीं है। वहां विश्वविद्यालयों में व्यापक स्तर पर अन्य पाठ्यक्रमों का भी पुनर्गठन हो रहा है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, अर्धचालक तथा डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में कुछ पारंपरिक मानविकी और कला संबंधी पाठ्यक्रमों में कटौती भी हुई है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि चित्रकला या मूर्तिकला पूरी तरह अप्रासंगिक हो गई है। यह कहना ज्यादा उचित होगा कि कला-शिक्षा को तकनीकी और अंतर्विषयी शिक्षा से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लायी जा रही है।
इस परिवर्तन का एक प्रमाण यह भी है कि चीन में दृश्य-कला के विद्यार्थियों के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रयोग को लेकर गंभीर अध्ययन हो रहे हैं। 2026 में प्रकाशित एक शोध में चीन के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों के 112 विद्यार्थियों के बीच दृश्य कला-शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग और उसके प्रति उनके दृष्टिकोण का अध्ययन किया गया। ऐसे में वहां अब प्रश्न यह नहीं रह गया है कि कला-शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आएगी या नहीं, बल्कि प्रश्न है कि उसे किस तरह शामिल किया जाए। यानी बात अब शामिल करने के तौर तरीकों पर आ गई है।
एआई का प्रवेश केवल तकनीकी प्रश्न नहीं
वैसे आज चीन इस दिशा में प्रयोग या बदलाव में अकेला नहीं है। अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के अनेक कला संस्थानों में भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता को कला और डिजाइन के पाठ्यक्रमों में शामिल किया जा रहा है। कुछ संस्थान विद्यार्थियों को चित्र, संगीत और वीडियो बनाने वाली कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रणालियों के साथ प्रयोग करने का अवसर दे रहे हैं, वहीं उनके नैतिक, कानूनी और तकनीकी पक्षों पर भी चर्चा कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय में कलाकारों के लिए जनरेटिव एआई पर एक पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें तकनीक के साथ-साथ कॉपीराइट, कलाकार के अधिकार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सामाजिक-पर्यावरणीय प्रभावों पर भी विचार किया जाता है। हालांकि इस पाठ्यक्रम को लेकर वहां विद्यार्थियों में विरोध भी हुआ, जो बताता है कि कला-शिक्षा में एआई का प्रवेश केवल तकनीकी प्रश्न नहीं, बल्कि गंभीर नैतिक और सौंदर्यशास्त्रीय प्रश्न भी है।
2024 में प्रकाशित एक अध्ययन ने भी इस प्रश्न को उठाया कि कला विश्वविद्यालयों की वह शिक्षा-पद्धति, जिसका आधार मनुष्य द्वारा स्वयं चित्र बनाने पर रहा है, जनरेटिव एआई के आने के बाद किस तरह बदली जानी चाहिए। उसमें एआई आधारित चित्र निर्माण को कला विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
स्पष्ट है कि दुनिया में अभी कोई एक या समेकित मॉडल विकसित नहीं हो पाया है। कहीं एआई को नए उपकरण की तरह पढ़ाया जा रहा है, तो कहीं नए कलामाध्यम की तरह और कहीं एक अलग विषय के रूप में। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या भविष्य में चित्र बनाना सीखना अप्रासंगिक हो जाएगा? ऐसे में अभी तो इसका उत्तर नहीं ही है। क्योंकि कृत्रिम बुद्धिमत्ता कुछ ही क्षणों में ऐसा चित्र बना सकती है, जिसे बनाने में किसी विद्यार्थी को कई घंटे लग सकते हैं, लेकिन कृत्रिम बुद्धिमत्ता किसी विद्यार्थी को यह नहीं सिखा सकती कि किसी दृश्य को देखना कैसे है, किसी रूप को समझना कैसे है, रंग का अनुभव कैसे विकसित होता है, हाथ और आंख के बीच संबंध कैसे बनता है या समग्रता में कहें तो किसी कलाकार की अपनी दृश्य-भाषा कैसे जन्म लेती है। इसलिए भविष्य की कला-शिक्षा में सबसे बड़ा संभावित परिवर्तन यह होगा कि “चित्र कैसे बनाया जाए” की तुलना में “चित्र क्यों बनाया जाए और उसकी क्या व्याख्या की जाए” अधिक महत्वपूर्ण प्रश्न बन जाएगा।
संतुलित और रचनात्मक रास्ता
आज का पारंपरिक क्रम मोटे तौर पर इस तरह का है-रेखांकन, रंग, संयोजन, माध्यम, तकनीक और इन सबके प्रयोग से कलाकृति की रचना। संभावित है कि भविष्य में इसके साथ एक दूसरा क्रम जुड़ सकता है- अवलोकन, विचार, शोध, अवधारणा, मानवीय अनुभव, डिजिटल साधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आलोचनात्मक विवेचन और फिर कलाकृति। अर्थात् तकनीक शिक्षा का अंतिम लक्ष्य न रहकर माध्यम बन सकती है। अब ऐसे में हमारे लिए यह जानना महत्वपूर्ण होगा कि भारत इस मामले में कहां खड़ा है? तो इसका उत्तर तो यही बंटा है कि भारत में अभी ऐसा कोई संकेत नहीं है कि ललित कला के पारंपरिक पाठ्यक्रम को समाप्त करके कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पाठ्यक्रम लागू करने की तैयारी हो रही है, लेकिन व्यापक शिक्षा-व्यवस्था में एआई को शामिल करने की दिशा में कुछ पहल जरुर हो रहे हैं। भारत सरकार ने विद्यालयी शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और संगणकीय चिंतन को महत्वपूर्ण कौशल के रूप में शामिल करने की दिशा में कदम उठाए हैं और कक्षा तीन से आगे इसके विस्तार की योजना पर काम किया है। जाहिर है इसका प्रभाव स्वाभाविक रूप से उच्च शिक्षा और आगे चलकर कला-शिक्षा पर भी पड़ेगा। भारतीय कला संस्थानों के सामने अब प्रश्न यह होगा कि वे इस तकनीकी परिवर्तन से दूरी बनाएं या उसे आलोचनात्मक ढंग से अपने पाठ्यक्रम में शामिल करें। मेरी व्यक्तिगत राय में भारत के लिए शायद दूसरा रास्ता अधिक उपयोगी होगा।
यहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता को केवल पश्चिमी या वैश्विक डिजिटल कला के संदर्भ में नहीं, बल्कि भारतीय कला इतिहास, लोक और जनजातीय कला, शिल्प, सांस्कृतिक विरासत और दृश्य अभिलेखन से भी जोड़ने की बड़ी संभावना है। दुर्लभ कला-संग्रहों का डिजिटलीकरण, पुरानी तस्वीरों और पांडुलिपियों का संरक्षण, कलाकृतियों का वर्गीकरण तथा कला इतिहास के विशाल अभिलेखों का अध्ययन- इन सभी क्षेत्रों में एआई उपयोगी हो सकता है, लेकिन इसके साथ सबसे बड़ा खतरा भी है। यदि कला संस्थान एआई को केवल “जल्दी और सुंदर चित्र बनाने की मशीन” मानकर पाठ्यक्रम में शामिल करते हैं तो कला-शिक्षा का मूल उद्देश्य ही कमजोर हो सकता है। क्योंकि कला केवल चित्र बनाने की तकनीक मात्र नहीं है। वह देखने, सोचने, प्रश्न करने, असहमति व्यक्त करने और सबसे बढकर अपनी स्वतंत्र कला दृष्टि विकसित करने की प्रक्रिया है।
यहीं भविष्य का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न सामने आता है- क्या कलाकार एआई का उपयोग करेगा, या धीरे-धीरे एआई यह तय करने लगेगा कि कलाकार को क्या देखना चाहिए, क्या बनाना चाहिए और क्या सुंदर मानना चाहिए? क्योंकि इस प्रश्न का उत्तर ही कला-शिक्षा के भविष्य को निर्धारित करेगा। इसलिए आने वाले वर्षों में ललित कला की पढ़ाई के पूर्ण विस्थापन के बजाये उसके पुनर्गठन की संभावना अधिक दिखाई देती है। चित्रकला, मूर्तिकला, रेखांकन और कला इतिहास बने रहेंगे; उनके साथ डिजिटल कला, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आभासी माध्यम, अंतर्विषयी अध्ययन और एआई की नैतिकता जुड़ती जाएगी। अंततः लक्ष्य यही होना चाहिए कि एआई कलाकार का विकल्प नहीं, बल्कि संभावनाओं का विस्तार बने। भारत के लिए भी यही अधिक संतुलित और रचनात्मक रास्ता होगा।
