भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने पी लखनऊ की फेमस शर्मा की चाय, हनुमान सेतु मंदिर में किए दर्शन
एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक 42 स्थानों पर हुआ स्वागत, पुष्पवर्षा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के अभिनंदन के बीच पूरा शहर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में नजर आया।
लखनऊ, अमृत विचार : अपने पहले दौरे पर शनिवार को अदब के शहर लखनऊ आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा शहर के लोगों ने एयरपोर्ट से पार्टी के प्रदेश मुख्यालय तक 20 से अधिक स्वागत द्वार बनाकर 42 स्थानों पर इस्तकबाल किया। पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच रास्ते में सांस्कृतिक भी हुए। संगठनात्मक कार्यक्रमों के बीच भाजपा अध्यक्ष ने शाम करीब 4:30 बजे नगर निगम मुख्यालय के पास प्रसिद्ध शर्मा टी सेंटर जाकर चाय पी और समोसा व बन खाया। इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे हनुमान सेतु स्थित मंदिर जाकर बजरंगबली को प्रसाद चढ़ाकर आशीर्वाद लिया। पुजारियों ने उन्हें शाल और पुष्प माला भेंट की।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन सुबह करीब 11:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। वहां मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला आगे बढ़ा। स्वागत कार्यक्रम संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के साथ रथ के आगे पैदल कार्यकर्ता भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते चल रहे थे।
एयरपोर्ट के बाहर सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह ने टीपी नगर चुंगी पार तक करीब पांच जगह पर अध्यक्ष का स्वागत किया। कृष्णानगर में स्वागत के बाद काफिला आगे बढ़ा। आलमबाग थाने के गेट पर उत्साही लोगों ने क्रेन से माला अध्यक्ष की ओर उछाली। आलमबाग में ही अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, महानगर अध्यक्ष सुरेश छबलानी की अगुवाई में व्यापारियों ने फूलों की वर्षा की। भाजपा नेता सतबीर सिंह राजू ने बताया कि तोप से पुष्प वर्षा कर अध्यक्ष का स्वागत किया गया।यहां कृषि शिक्षा अनुसंधान मंत्री बलदेव सिंह औलख, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, निर्मल सिंह,लखविंदर सिंह, राजिंदर सिंह बग्गा,तेजपाल सिंह बग्गा,गुरविंदर सिंह छाबड़ा, परविंदर सिंह, सनी आनंद,सुधाकर त्रिपाठी भी रहे।
पर्वतीय समाज के साथ महापौर ने किया स्वागत
महापौर सुषमा खर्कवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ भेंट किया। एयरपोर्ट के बाहर पर्वतीय समाज के मंच से महापौर सहित महिला कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
मुस्लिम महिलाओं और पुरुषों ने भी किया स्वागत
कई स्थानों पर बुर्का पहने मुस्लिम महिलाएं और टोपी पहने मुस्लिम पुरुष भी रोड शो में शामिल होकर उनका स्वागत करते नजर आए। पूरे मार्ग पर भाजपा समर्थकों के जयघोष और नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
नीरज बोरा ने खिलाई झालमुड़ी, ओबीसी मोर्चा ने पहनाई 40 फीट ऊंची माला
उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. नीरज बोरा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का विशेष स्वागत करते हुए उन्हें झालमुड़ी (भेलपुरी) खिलाई, जो कार्यक्रम का आकर्षण बनी।लोकभवन के बाहर भाजपा ओबीसी मोर्चा ने क्रेन की सहायता से करीब 40 फीट ऊंची फूलों की विशाल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
बुलडोजरों से हुई पुष्पवर्षा
युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा सहित भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बुलडोजरों पर खड़े होकर पुष्पवर्षा करते नजर आए।
कई समाज के लोगों ने भी किया स्वागत
गौतम, कायस्थ, पाल, राजभर, पर्वतीय, लोधी, यादव, ब्राह्मण, मराठी, वैश्य, ईसाई, सिंधी, साहू, व्यापारी, अधिवक्ता, सिख-पंजाबी, बंगाली, क्षत्रिय, सोनकर, भोजपुरी, पटेल-मौर्य-कुशवाहा, वाल्मीकि, पासी और निषाद समाज सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने अपनी पारंपरिक शैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
चित्रांश समाज ने नितिन नबीन का किया स्वागत
अखिल भारतीय चित्रांश सनातन महासभा की ओर से उनका स्वागत किया गया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे चित्रांश समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और स्वागत के नारे लगाए। समारोह के अवसर पर 101 किलो लड्डुओं का वितरण भी किया गया। इस दौरान विनोद कुमार श्रीवास्तव, वीरेंद्र सक्सेना, विमलेश कुमार श्रीवास्तव, राजन सक्सेना, अभिषेक खरे, गोपी किशन श्रीवास्तव, सरिता वर्मा, अमिताभ बिहारी वर्मा, रत्ना श्रीवास्तव, शिखा श्रीवास्तव, विनीता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग रहे।
कानपुर हाइवे रहा जाम
जगह-जगह मंच, स्वागत द्वार और कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते कानपुर-लखनऊ हाईवे पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इससे आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लखनऊ की ओर जाने वाली पटरी पर एयरपोर्ट मोड़ से शांतिनगर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्वागत कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई। कार, बस, ट्रक और दोपहिया वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। वहीं, कानपुर की ओर जाने वाली पटरी पर पुरानी चुंगी तक भी यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
यह भी पढ़ेंः 2027 में फिर बनेगी भाजपा की सरकार, हर घर तक पहुंचें कार्यकर्ता : पदाधिकारियों की बैठक में बोले नितिन नबीन
