क्या है रक्षाबंधन वाला विवाद : ट्रोल होने पर एक्ट्रेस बोलीं-दिल में संस्कृति, नैकलाइन में नहीं
मुंबई। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने एक आभूषण ब्रांड के लिए अदाकारा कृति सैनन के नए विज्ञापन पर तंज कसते हुए मंगलवार को कहा कि यह विज्ञापन ''जानबूझकर असहज करने वाला'' लगता है, वहीं कुछ लोगों ने इस विज्ञापन को भद्दा बताया। वहीं कुछ लोगों ने अभिनेत्री के पहनावे का समर्थन भी किया।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ''महिला होने के लिए यह शानदार समय है। हमारी अलमारियां तरह-तरह के कपड़ों से भरी हैं। आज की महिला वैश्विक महिला है-कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक।''
रनौत ने कहा, ''आज हमारे पास कपड़ों के इतने विकल्प हैं, फिर आप अपनी बिकिनी/अंतर्वस्त्र में अपने भाई को राखी क्यों बांधोगी? आपके पास स्टाइल के सारे विकल्प कहां हैं? हा हा, यह विज्ञापन जानबूझकर असहज करने वाला लगता है।''
इस विज्ञापन में सैनन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हुई दिख रही हैं, जबकि उनका पालतू कुत्ता उन्हें देख रहा है। इसके बाद वह कुत्ते के पैर पर भी एक राखी बांधती हैं। इस वीडियो को लेकर विवाद शुरू हो गया। कई लोगों ने पारंपरिक त्योहार के दौरान उनके कपड़ों के चुनाव को लेकर आलोचना की और कुछ लोगों ने कुत्ते को राखी बांधने पर भी आपत्ति जताई।
एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने लिखा, ''कृति सैनन ब्रा जैसा परिधान पहनकर राखी बांध रही हैं। पहले नग्नता इतनी आम नहीं थी।'' एक अन्य उपयोगकर्ता ने लिखा, ''रचनात्मक स्वतंत्रता अच्छी बात है, लेकिन इससे परंपरा का मूल भाव नहीं बदलना चाहिए।''
अभिनेत्री के बचाव में आई शिवसेना
शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत समेत कई लोगों ने अभिनेत्री का बचाव भी किया। सैनन पर रनौत की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "आप उस महिला सांसद को इतनी गंभीरता से क्यों लेते हैं? मत लीजिए।" उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "उन्हें इतना महत्व मत दीजिए। वे 'अंध भक्त' हैं। वह एक कदम आगे हैं, उनके पास दिमाग नहीं है। इतने सारे मुद्दे हैं, लेकिन... आप उनसे यह क्यों नहीं पूछते कि चाय महंगी क्यों हो रही है... हमारा गन्ना कहां गया, वह इथेनॉल बनाने में चला गया।"
कई लोगों ने अभिनेत्री का बचाव भी किया। एक उपयोगकर्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''भारतीय पुरुष रक्षाबंधन के विज्ञापन में कृति सैनन के आधुनिक कपड़े पहनने से परेशान हो रहे हैं। काश, वे उन महिलाओं के लिए भी ऐसा ही आक्रोश दिखाते जो सामान्य कपड़े पहनने के बावजूद रोजाना भारतीय पुरुषों के हाथों बलात्कार का शिकार होती हैं और उन्हें न्याय नहीं मिलता।
ट्रोल्स पर कृति का जवाब
विवाद के बीच एक्ट्रेस कृति ने ट्रोल्स को करारा जवाब देते हुए कहा, कि किसी महिला के कपड़ों से उसकी संस्कृति के प्रति सम्मान को नहीं मापा जाना चाहिए. त्योहारों की असली भावना आपके कपड़ों में नहीं, बल्कि उन भावनाओं और परंपराओं में होती है जिन्हें आप दिल से मानते हैं. रक्षाबंधन सुरक्षा और प्यार का रिश्ता है. मेरी बहन और मैं एक-दूसरे को राखी बांधते हैं. हम एक-दूसरे की रक्षा करने का वादा करते हैं और एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं. हमारे लिए यह प्यार और प्रार्थना हमारे कुत्तों तक भी जाती है, क्योंकि वे भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। आखिर हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? समय के साथ पारंपरिक फैशन भी बदला है, लेकिन आज भी किसी महिला की संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से क्यों मापा जाता है? संस्कृति और परंपराएं उसके दिल में होती हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं.”
ये भी पढ़ें :
कृति पर क्यों आया कंगना को गुस्सा, रक्षाबंधन वाले विज्ञापन पर बोलीं-आपके वॉर्डरोब में कुछ और नहीं था.....
