Kanpur News: डस्टबिन में मिला नवजात का शव, इलाके में हड़कंप; CCTV से सुराग तलाश रही पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पनकी रोड पर राहगीरों ने डस्टबिन में नवजात का शव देखा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही टीम।

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पनकी रोड पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे रखे डस्टबिन में एक नवजात शिशु का शव पड़ा मिला। सुबह करीब 10 बजे राहगीरों की नजर डस्टबिन में पड़े नवजात के शव पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद नवजात के शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नवजात का शव डस्टबिन में मिलने की सूचना आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

फिलहाल नवजात की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात का शव डस्टबिन में कौन छोड़कर गया और घटना के पीछे क्या वजह है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मंगलवार सुबह डस्टबिन के आसपास कौन-कौन लोग पहुंचे थे। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नवजात की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नवजात को डस्टबिन में छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश में पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ेंः कानपुर में डीएम का बड़ा फैसला : 93 स्कूलों के ऊपर से हटेंगी हाईटेंशन लाइनें! बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

 

संबंधित समाचार