Chirag Paswan in Lucknow : यूपी चुनाव लड़ने की तैयारी में LJP (रामविलास), लखनऊ से संगठन विस्तार का आगाज
चिराग पासवान बोले- यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में LJP, संगठन विस्तार पर रहेगा फोकस
लखनऊ पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। रामविलास पासवान की जयंती के अवसर पर लखनऊ से संगठनात्मक अभियान शुरू होगा। उन्होंने पीएम मोदी को मिली धमकी पर सख्त कार्रवाई की मांग की और राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही।
लखनऊ, अमृत विचार। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती इस वर्ष लखनऊ में मनाने का फैसला लिया गया है, जिसके जरिए प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा देने का अभियान शुरू होगा।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी दिवंगत रामविलास पासवान के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देशभर में अपने संगठन का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी की मजबूत मौजूदगी है, जबकि झारखंड और नगालैंड में पार्टी के विधायक हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी संगठन का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी रणनीति के तहत अब उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य तय किया गया है। आने वाले दिनों में प्रदेश इकाई के नेतृत्व में विभिन्न जिलों में संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश इकाई तय करेगी चुनावी रणनीति
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी चुनाव मैदान में उतरने की इच्छुक है। हालांकि, गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला प्रदेश इकाई करेगी, जिसका प्रस्ताव केंद्रीय संसदीय बोर्ड की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) केंद्र और बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा है और उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।
पीएम मोदी को धमकी पर जताई चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित ऑनलाइन धमकी मिलने के मामले में चिराग पासवान ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और यदि किसी ने ऐसी हरकत की है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में बोले- दोषियों को मिले कड़ी सजा
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पर चिराग पासवान ने कहा कि यह केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार निष्पक्ष जांच करा रही हैं और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विपक्ष के इस आरोप को भी खारिज किया कि प्रभावशाली लोगों को बचाया जा रहा है।
