रायबरेली पथराव मामला : सलोन बवाल में सांसद चंद्रशेखर की एंट्री, फोन कॉल का वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

परिजनों से बातचीत कर न्याय दिलाने का भरोसा, सलोन दौरे के संकेत से राजनीतिक सरगर्मी तेज

सलोन (रायबरेली), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद शव रखकर किए गए प्रदर्शन और उसके दौरान हुए पथराव का मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद का एक कथित फोन कॉल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है।

वीडियो में सांसद कथित तौर पर मृतक के परिजनों से बातचीत करते हुए उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दे रहे हैं और जल्द सलोन आने की बात कह रहे हैं। हालांकि, अमृत विचार वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।

दरअसल, खमरिया पूरे कुशल गांव निवासी मेवालाल की साइकिल की टक्कर गांव के ही एक युवक की बाइक से हो गई थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मेवालाल का पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल और बाद में लखनऊ में उपचार कराया गया, जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई।

शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहले सलोन कोतवाली का घेराव किया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, लेकिन इससे असंतुष्ट परिजनों ने राजापुर वन विभाग कार्यालय के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच वार्ता भी हुई। अधिकारियों के अनुसार परिजनों को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने भीड़ को उकसा दिया, जिसके बाद पुलिस, राहगीरों और आम लोगों पर पथराव शुरू हो गया। घटना में कई पुलिसकर्मी और राहगीर घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के साथ 200 से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

इसी बीच शनिवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सांसद चंद्रशेखर आजाद कथित तौर पर मृतक के परिजनों से फोन पर बात करते हुए उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा देते और जल्द सलोन पहुंचने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही पुलिस अथवा जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की गई है।

वायरल वीडियो से बढ़ी राजनीतिक हलचल

सलोन पथराव प्रकरण में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के कथित फोन कॉल का वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में सांसद मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा देते और जल्द सलोन आने की बात करते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि सांसद का दौरा होता है तो स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

संबंधित समाचार