Barabanki News : मसौली में आंधी से 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त, दो लाख उपभोक्ताओं की बिजली रातभर रही ठप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मसौली, बाराबंकी, अमृत विचार : शनिवार आधी रात के बाद आई तेज आंधी और बूंदाबांदी के दौरान 33 केवी विद्युत लाइन पर शीशम का पेड़ गिरने से बड़ा फॉल्ट हो गया। इसके चलते विद्युत उपकेंद्र मसौली से जुड़े करीब आधा दर्जन फीडरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। रविवार दिनभर मरम्मत कार्य के बाद आपूर्ति बहाल हुई। 

जानकारी के अनुसार शनिवार रात निर्धारित रोस्टिंग के बाद करीब 12 बजे तेज आंधी के दौरान शीशम का एक पेड़ 33 केवी लाइन पर गिर गया। इससे विद्युत उपकेंद्र मसौली से संचालित फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। रविवार सुबह से विद्युत विभाग की टीम ने फॉल्ट तलाशने और मरम्मत का कार्य शुरू किया।

इसी दौरान विभागीय पेट्रोलिंग में पशु बाजार और पिपरौली के पास भी तकनीकी खराबियां मिलीं, जिन्हें दुरुस्त करने के बाद आपूर्ति सुचारु की जा सकी। लंबे समय बिजली बाधित रहने से कस्बा मसौली समेत ज्योरी, नौबस्ता, बड़ागांव, देवकलिया, मूंजापुर, टेरासानी और आसपास के क्षेत्रों के लगभग दो लाख उपभोक्ता प्रभावित रहे।

भीषण उमस और गर्मी के बीच रातभर बिजली न रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग गर्मी से राहत पाने के लिए देर रात तक घरों से बाहर सड़कों पर टहलते नजर आए। वहीं बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित रहे।

संबंधित समाचार