Barabanki News: भाजपा प्रदेश मंत्री बनने पर अवधेश श्रीवास्तव का भव्य स्वागत, बोले- बूथ कार्यकर्ता भी संगठन में पा सकता है बड़ी जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव के सम्मान में रविवार को नगर पंचायत स्थित बूढ़े हनुमान जी मंदिर परिसर में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने की। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।

अपने संबोधन में अवधेश श्रीवास्तव ने कहा कि 36 वर्ष पूर्व बूथ स्तर से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर आज प्रदेश मंत्री के दायित्व तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर शीर्ष जिम्मेदारियां प्राप्त कर सकता है। उन्होंने संगठन के विश्वास पर पूरी ईमानदारी से खरा उतरने का भरोसा दिलाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

समर्पित, कर्मठ और अनुभवी कार्यकर्ता हैं अवधेश श्रीवास्तव : सतीश शर्मा

राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि अवधेश श्रीवास्तव संगठन के समर्पित, कर्मठ और अनुभवी कार्यकर्ता हैं। उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को और मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। समारोह में कमलेश वर्मा, प्रमोद कुमार गुप्ता (मुन्ना बीडीसी), गोविंद गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह 'रिंकू', जिला मंत्री विवेक तिवारी, प्रदीप द्विवेदी, जिला मंत्री रूपेश प्रताप सिंह, अभिषेक वर्मा, सुरेंद्र कौशल, रितेश शंकर गुप्ता और नरेंद्र सिंह सलूजा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार