UP Electricity Record : उत्तर प्रदेश ने 32,673 मेगावाट की पीक डिमांड पूरी कर बनाया नया रिकॉर्ड, देश में नंबर-1
लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 24 जून को 32,673 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड पूरी की है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के अनुसार, इस उपलब्धि के साथ प्रदेश देश में सबसे अधिक डिमांड आधारित बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बन गया है।
यूपीपीसीएल के मुताबिक, 19 जून से उत्तर प्रदेश लगातार देश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बना हुआ है। इस दौरान प्रदेश ने महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब और आंध्र प्रदेश जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया।
आंकड़ों के अनुसार, 24 जून की रात करीब 9:51 बजे प्रदेश में अब तक की सर्वाधिक 32,673 मेगावाट पीक डिमांड पूरी की गई। इससे पहले 23 जून को 32,405 मेगावाट, 21 जून को 32,348 मेगावाट, 22 जून को 31,841 मेगावाट, 20 जून को 31,549 मेगावाट और 19 जून को 30,968 मेगावाट बिजली आपूर्ति दर्ज की गई थी। वहीं 25, 26 और 27 जून को भी 31 हजार मेगावाट से अधिक बिजली की आपूर्ति बनाए रखी गई।
यूपीपीसीएल ने बताया कि भीषण गर्मी और रिकॉर्ड मांग के बावजूद प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी 22 से 24 घंटे तक आपूर्ति बनाए रखी गई है।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि बिजली व्यवस्था से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलती रहे। वहीं निदेशक (वितरण) ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने इस उपलब्धि का श्रेय मजबूत विद्युत अवसंरचना, बेहतर प्रबंधन और टीमवर्क को दिया।
यूपी की रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति
24 जून: 32,673 मेगावाट (रिकॉर्ड)
23 जून: 32,405 मेगावाट
21 जून: 32,348 मेगावाट
22 जून: 31,841 मेगावाट
20 जून: 31,549 मेगावाट
19 जून: 30,968 मेगावाट
25-27 जून: 31 हजार मेगावाट से अधिक बिजली आपूर्ति
19 जून से लगातार डिमांड आधारित बिजली आपूर्ति में देश में पहले स्थान पर यूपी
