Rohit Shetty को फिर मिली जान से मारने की धमकी, 20 करोड़ की फिरौती मांगी; मुंबई पुलिस जांच में जुटी
मुंबई। बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। शनिवार सुबह उनके स्टाफ को एक ऑडियो क्लिप प्राप्त हुई, जिसमें कथित तौर पर 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई। ऑडियो में चेतावनी दी गई है कि यदि रकम नहीं दी गई तो इस बार निशाना उनके घर की बजाय सीधे रोहित शेट्टी होंगे।
घटना सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल धमकी देने वाले की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इसके पीछे किसका हाथ है।
20 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला ऑडियो क्लिप मिला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित शेट्टी के स्टाफ को शनिवार सुबह करीब 90 सेकेंड की एक ऑडियो क्लिप मिली। इसमें 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग करते हुए रकम न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और ऑडियो क्लिप की जांच शुरू कर दी है।
ऑडियो क्लिप के तार शुभम लोणकर से जुड़े होने की आशंका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑडियो क्लिप में सुनाई देने वाली आवाज कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी शुभम लोणकर की बताई जा रही है। शुभम लोणकर वर्ष 2024 में बाबा सिद्दीकी की हत्या और इस वर्ष की शुरुआत में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में वांछित है। हालांकि, आवाज की पुष्टि के लिए ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
फरवरी में भी रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
इससे पहले 1 फरवरी की देर रात रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग हुई थी। उस घटना के बाद हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी। मामले में पुलिस ने आगरा से दीपक शर्मा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से बिश्नोई गैंग से प्रभावित हुआ था और उसी के प्रभाव में उसने फायरिंग की थी।
'खतरों के खिलाड़ी 15' को लेकर भी चर्चा में हैं रोहित शेट्टी
वर्क फ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी इन दिनों अपने स्टंट आधारित रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' को लेकर सुर्खियों में हैं। शो 25 जुलाई से हर शनिवार और रविवार रात 9 बजे कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होगा। इस सीजन में फरहाना भट्ट, ओरी, गौरव खन्ना, रुबीना दिलैक, करण वाही, अविनाश मिश्रा, जैस्मिन भसीन, ऋत्विक धनजानी, अविका गौर, हर्ष गुजराल, शगुन शर्मा और विशाल आदित्य सिंह सहित कई सेलिब्रिटी नजर आएंगे।
