Heat wave : हीट वेव से बच्चों की सुरक्षा के लिए योगी सरकार की नई गाइडलाइन, स्कूलों में लागू होंगे ये बड़े नियम
लखनऊ। भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए शैक्षणिक सत्र के साथ बेसिक शिक्षा विभाग ने 'हीट-संबंधी बीमारियों के प्रति विद्यार्थियों के संवेदनशीलकरण हेतु शिक्षकों के लिए दिग्दर्शिका-2026' लागू की है। इसका उद्देश्य विद्यालयों को सुरक्षित, स्वस्थ और जलवायु-अनुकूल बनाना है।
अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा के निर्देश पर तैयार इस गाइडलाइन में शिक्षकों को हीट वेव से बचाव, हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक के लक्षणों की पहचान, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही स्कूलों में जागरूकता पोस्टर भी लगाए जाएंगे, ताकि विद्यार्थी, अभिभावक और विद्यालय समुदाय गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक रह सकें।
गाइडलाइन के अनुसार शिक्षक बच्चों को प्रार्थना सभा, कक्षा शिक्षण और अन्य गतिविधियों के माध्यम से नियमित रूप से पर्याप्त पानी पीने, तेज धूप से बचने, हल्के और सूती कपड़े पहनने, जलयुक्त फलों का सेवन करने तथा हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षण पहचानने के बारे में जानकारी देंगे। विद्यार्थियों को यह भी सिखाया जाएगा कि यदि किसी सहपाठी की तबीयत बिगड़े तो तुरंत शिक्षक को सूचित करें।
सरकार ने प्रत्येक विद्यालय में स्कूल हीट एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य नोडल शिक्षक की नियुक्ति, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का ओरिएंटेशन, हीट वेव से बचाव संबंधी संदेश और आपातकालीन संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे। हर स्कूल में फर्स्ट एड किट, ओआरएस, डिजिटल थर्मामीटर और 108 एम्बुलेंस जैसी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विद्यालयों में सुरक्षित पेयजल और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। शासन के निर्देशानुसार स्कूलों का समय तय किया जाएगा तथा प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य बाहरी गतिविधियां सुबह 10 बजे से पहले आयोजित होंगी। यदि ऑरेंज या रेड हीट वेव अलर्ट जारी होता है तो सभी कठिन शारीरिक और बाहरी गतिविधियां स्थगित कर दी जाएंगी।
बच्चों को हर 20 से 30 मिनट के अंतराल पर पानी पीने के लिए प्रेरित किया जाएगा और प्रत्येक छात्र को पानी की बोतल साथ लाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। स्कूलों में कार्यशील पंखे, पर्याप्त वेंटिलेशन, छायादार स्थान, वृक्षारोपण तथा जहां संभव हो वहां कूल रूफ और रिफ्लेक्टिव पेंट जैसी व्यवस्थाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और पोषण संबंधी दिशा-निर्देशों में बच्चों को हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, टोपी या छाते का उपयोग करने तथा तरबूज, खरबूजा, खीरा जैसे जलयुक्त मौसमी फलों का सेवन करने की सलाह दी गई है। साथ ही कैफीनयुक्त, कार्बोनेटेड और अत्यधिक मीठे पेयों से बचने तथा मध्याह्न भोजन छायादार और स्वच्छ स्थान पर परोसने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रदेश सरकार का मानना है कि इन उपायों से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को हीट वेव के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखने के साथ-साथ स्कूलों को अधिक सुरक्षित और स्वास्थ्य-अनुकूल बनाया जा सकेगा।
हीट वेव से बचाव के लिए योगी सरकार की अहम गाइडलाइंस
- प्रत्येक विद्यालय में स्कूल हीट एक्शन प्लान लागू किया जाएगा।
- स्वास्थ्य नोडल शिक्षक नामित किए जाएंगे और शिक्षकों को हीट वेव से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- स्कूलों में फर्स्ट एड किट, ओआरएस, डिजिटल थर्मामीटर और 108 एम्बुलेंस की जानकारी उपलब्ध रहेगी।
- प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य बाहरी गतिविधियां सुबह 10 बजे से पहले आयोजित की जाएंगी।
- ऑरेंज और रेड हीट वेव अलर्ट के दौरान सभी कठिन शारीरिक और आउटडोर गतिविधियां स्थगित रहेंगी।
- बच्चों को हर 20–30 मिनट पर पानी पीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
- प्रत्येक छात्र को पानी की बोतल साथ लाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
- स्कूलों में सुरक्षित पेयजल, कार्यशील पंखे, पर्याप्त वेंटिलेशन और छायादार स्थान सुनिश्चित किए जाएंगे।
- जहां संभव हो, कूल रूफ, रिफ्लेक्टिव पेंट और वृक्षारोपण को बढ़ावा दिया जाएगा।
- बच्चों को हल्के रंग के सूती कपड़े, टोपी या छाते का उपयोग करने की सलाह दी जाएगी।
- तरबूज, खरबूजा, खीरा जैसे जलयुक्त फलों के सेवन पर जोर दिया जाएगा।
- कैफीनयुक्त, कार्बोनेटेड और अत्यधिक मीठे पेयों से बचने की सलाह दी गई है।
- मध्याह्न भोजन छायादार और स्वच्छ स्थान पर परोसा जाएगा।
- बच्चों को हीट स्ट्रोक और हीट एग्जॉशन के शुरुआती लक्षणों की पहचान और किसी सहपाठी की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत शिक्षक को सूचना देने के लिए जागरूक किया जाएगा।
- स्कूल परिसर में हीट वेव से बचाव संबंधी पोस्टर और आपातकालीन संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे।
