UP News : एसटीएफ ने एक लाख के इनामी ललन सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

सात हत्याएं-बैंक डकैती, सब-इंस्पेक्टर के गोली मारकर पिस्टल लूटने वाला ललन सिंह एसटीएफ की मुठभेड़ में मारा गया

बिहार के समस्तीपुर जनपद के रहने वाले ललन सिंह का आपराधिक साम्राज्य यूपी तक फैला था। उस पर सात लोगों की हत्याओं का आरोप था। बैंक डकैती, बैंक कैश वाहन लूटने, दो सब-इंस्पेक्टरों की हत्या और एक सब इंस्पेक्टर को गोली मारकर उसकी पिस्टल लूटने का आरोप था। उसके सिर पर 1.25 लाख रुपये का इनाम था। यूपी-बिहार की पुलिस ललन सिंह की तलाश में थीं। लेकिन अब वह मुठभेड़ में मारा गया है।

अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दो राज्यों के कुख्यात इनामी अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन को मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस ने ललन सिंह के ऊपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वाराणसी और चंदौली पुलिस उसकी तलाश में जुटी थीं। सहारनपुर में उसकी लाकेशन मिली। सरसावा-नकुर रोड पर 21-22 जून की दरम्यिानी रात हुई मुठभेड़ में ललन सिंह की मौत हो गई। उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा। 

पुलिस के मुताबिक, एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। सरसावा-नकुर रोड पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान ललन सिंह और उसके एक साथी की सूचना मिली। पुलिस के घेराबंदी करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ललन सिंह घायल हो गया। 

पुलिस उसे सरसावा सीएचसी लेकर गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने ललन सिंह को मृत घोषित कर दिया। 


समस्तीपुर का रहने वाला था ललन सिंह


पुलिस के मुताबिक ललन सिंह बिहार के समस्तीपुर जनपद का रहने वाला था। मोहिउद्दीन थाना क्षेत्र का आनंदगोलवा उसका गांव है। वाराणसी और चंदौली पुलिस ने उसके ऊपर 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वाराणसी पुलिस ने 1 लाख का जबकि चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा था। 

हत्या-लूट जैसे गंभीर कांड 


पुलिस के मुताबिक ललन सिंह एक संगठित गिरोह चलाता था। गिरोह में उसके भाईयों के साथ दूसरे अपराधी शामिल थे, जो हत्या, लूट और बैंक डकैती जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। ललन सिंह पर 7 लोगों की हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, सरकारी हथियार लूटने और के आरोप थे। उस पर दो सब इंस्पेक्टरों की हत्या और एक बैंक कैशियर की हत्या का भी आरोप था।

सब इंस्पेक्टर से लूटी पिस्टल


ललन सिंह का आपराधिक साम्राज्य काफी बड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि वाराणसी में उसने नवंबर 2022 को एक सब इंस्पेक्टर को गोली मारकर उसकी पिस्टल लूट ली थी। इस मामले में वाराणसी पुलिस ने उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। हालांकि ललन सिंह पुलिस की गिरफ्त से दूर था और सहारनपुर क्षेत्र में पनाह लिए था। 

संबंधित समाचार