Ayodhya News : राम मंदिर में शेषावतार मंदिर शिखर पर धर्म ध्वजा का आरोहण कल, चंपत राय, अनिल मिश्र व गोपाल जी राव रहेंगे बाहर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोविंद देव गिरी व दिनेंद्र दास संभालेंगे ध्वज आरोहण की जिम्मेदारी, डिप्टी सीएम केशव मौर्य व ब्रजेश पाठक होंगे मुख्य अतिथि

सत्य प्रकाश/अयोध्या,अमृत विचार। राम मंदिर में चढ़ावे में घपला व वित्तीय अनियमितता के आरोप पर चल रही एसआईटी जांच के बीच 23 जून को राम मंदिर परिसर स्थित शेषावतार मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा का आरोहण किया जाएगा। विवाद के दौरान अप्रत्यक्ष रूप से मंदिर व्यवस्था से थोड़ी दूर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य डॉ अनिल मिश्र व विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल जी राव की जगह इस समारोह की व्यवस्था की जिम्मेदारी ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, सदस्य व निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास संभालेंगे।

मंगलवार को होने वाले इस समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। हालांकि इस आयोजन में अब आंशिक बदलाव भी किए गए हैं। राम मंदिर परिसर में इसे अंतिम समारोह माना जा रहा था। इसके चलते इसे और भव्य रूप से मनाने की तैयारी थी। इस बीच चढ़ावा घपले के उठे विवाद ने इस समारोह की तैयारियों पर ग्रहण लगा दिया। जानकारी के अनुसार इसमें करीब पांच हजार अतिथियों को आमंत्रित करने की तैयारी थी, लेकिन अब इस संख्या में कटौती कर दी गई है। अतिथियों को पूर्व की तरह ही प्रसाद आदि देने की भी व्यवस्था की गई है। समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, विशिष्ट अतिथि के रूप में बृजेश पाठक को आमंत्रित किया गया है।

आज अयोध्या पहुंचेंगे गोविंद देव गिरी

मिली जानकारी के अनुसार ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष सोमवार को अयोध्या पहुंचेंगे व व्यवस्थाओं की जिम्मेदार संभाल लेंगे, जबकि निर्मोही अखाड़ा के महंत व ट्रस्ट के स्थायी सदस्य दिनेंद्र दास अयोध्या में मौजूद हैं। ध्यान रहे कि 19 जून को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उन्होंने ही उन्हें रामलला का दर्शन पूजन कराया था। बताया जा रहा है कि समारोह की कमान संभालने के लिए ट्रस्ट ने ही दोनों पदाधिकारियों से अनुरोध किया है।

शस्त्र, मोबाइल आदि ले जाने पर प्रतिबंध

राम मंदिर परिसर के परकोटा में स्थित भगवान गणेश, सूर्य देव, माता अन्नपूर्णा देवी, माता भगवती और हनुमान मंदिर और शिव मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा का आरोहण हो चुका हैं। जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए कड़े सुरक्षा के बीच परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए लोगों को शाम चार बजे से पांच बजे के बीच पहुंचना होगा। समारोह में कोई भी शस्त्र, मोबाइल आदि परिसर में नहीं ले जा सकेंगे।

संबंधित समाचार