Kanpur News : जरीब चौकी पुल निर्माण की बाधा दूर, 15 से हटेगी ट्रंक सीवर लाइन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जल निगम की ओर से यूटिलिटी शिफ्टिंग में देरी के कारण शिलान्यास के बाद भी काम में देरी

कानपुर, अमृत विचार।  जरीब चौकी पर शिलान्यास के करीब डेढ़ महीने बाद भी फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इसका मुख्य कारण जल निगम नगरीय द्वारा गहरी सीवर लाइन को शिफ्ट न किया जाना है। सांसद रमेश अवस्थी के हस्तक्षेप के बाद राज्य सेतु निगम की सेतु निर्माण इकाई के उप परियोजना प्रबंधक एसके सुमन ने पत्र लिखकर बताया है कि जल निगम नगरीय 15 जुलाई से गहरी सीवर लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू कर देगा।

शासन ने एक साल पहले 320 करोड़ रुपये की इस परियोजना को स्वीकृति दी थी और धन की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। सेतु निगम ने लगभग सात महीने पहले हिंगवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी को जरीब चौकी क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का ठेका सौंपा था। अन्य विभागों ने यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम लगभग पूरा कर लिया है, लेकिन नगरीय जल निगम द्वारा गहरी सीवर लाइन हटाने के लिए तीन बार टेंडर प्रक्रिया अपनाने से देरी हुई।

उप परियोजना प्रबंधक एसके सुमन ने सांसद रमेश अवस्थी को लिखे पत्र में स्पष्ट किया है कि जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता (निर्माण खंड प्रथम) ने आश्वासन दिया है कि जरीब चौकी फोरलेन आरओबी के निर्माण में बाधक गहरी सीवर लाइन शिफ्टिंग के लिए ई-टेंडर की तकनीकी बिड खोली जा चुकी है।

जल्द ही वित्तीय बिड खोली जाएगी और 15 जुलाई से सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।जरीब चौकी फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज में कुल चार रैंप बनाए जाएंगे। इनमें दो रैंप जीटी रोड की ओर, एक कालपी रोड की ओर और एक घंटाघर रोड की ओर उतरेंगे। कालपी रोड और जीटी रोड के रैंप फोरलेन के होंगे, जबकि घंटाघर मार्ग पर उतरने वाला रैंप दो लेन का बनेगा।

संबंधित समाचार