Barabanki News: बाराबंकी के बोधीपुरवा गांव में चिकन पॉक्स का प्रकोप, 17 लोग संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिले के सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के बोधीपुरवा गांव में चिकन पॉक्स (चेचक) के संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। गांव में अब तक 17 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। एक साथ बड़ी संख्या में मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निगरानी बढ़ा दी है।

स्वास्थ्य टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने पर रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरौलीगौसपुर की टीम गांव पहुंची। सीएचसी अधीक्षक के निर्देश पर स्वास्थ्य मेडिकल ऑफिसर डॉ. देव प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं और जांच के लिए नमूने भी एकत्र किए गए। टीम में एलटी शुभम अवस्थी, अभय सिंह, शैलेश रावत और राजेश कुशवाहा शामिल रहे।

साफ-सफाई पर दिया जोर

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बदलते मौसम और साफ-सफाई की कमी संक्रमण फैलने की प्रमुख वजह मानी जा रही है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए गांव में दवा का छिड़काव और सैनिटाइजेशन कराया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमित लोगों से दूरी रखने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमितों में विपिन (10), अनुज (7), अनूप (15), शिवम (18), लक्ष्मी (18), सीतापति (38), शिवानी (17), रितेश (6), रामकली (50), संध्या (10), सोनम (9), विनीता (17), जर्मनी (38), नंदनी (5), सोहानी (6), मनोज (24) और अखिलेश (11) शामिल हैं। संक्रमितों में बड़ी संख्या बच्चों की है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।

स्थिति नियंत्रण में होने का दावा

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और गांव में लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने की अपील की है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- Barabanki News: बाराबंकी में मानसून की देरी से बढ़ी गर्मी और उमस, 41 डिग्री तापमान में 44 डिग्री जैसा अहसास

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज