कानपुर में बनेगा देश का पहला विश्वस्तरीय एयरोनॉटिक्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, फ्रांस ने दी मंजूरी... PM मोदी के दौरे में बड़ा कदम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया दौरे पर फ्रांस ने कानपुर में एयरोनाटिक्स और उससे जुड़े सेक्टर में कौशल विकास के लिए सेंटर आफ एक्सीलेंस बनाने की योजना को मंजूरी प्रदान करते हुए जल्दी ही इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने पर सहमति जता दी है।

इस तरह यह देश का पहला विश्वस्तरीय राष्ट्रीय विमानन उत्कृष्टता केंद्र होगा, जिसे भारत और फ्रांस की सरकार द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के तहत विकसित करेंगे। इस केंद्र की स्थापना के लिए दोनों देशों के बीच औपचारिक समझौता ज्ञापन और आशय पत्र का आदान-प्रदान पहले ही किया जा चुका है। इस पहल को भारत की बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान परियोजना के लिए प्रशिक्षित कार्यबल तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शहर में राष्ट्रीय विमानन उत्कृष्टता केंद्र गोविंद नगर में स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) के परिसर में खुलेगा। फ्रांस के विमानन विशेषज्ञ इस संस्थान में आकर युवाओं को आधुनिक तकनीकों का उन्ननत प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इस संस्थान की स्थापना पीएम-सेतु (प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड इम्पलायबिलिटी ट्रांसफार्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई) योजना के तहत होगी। संस्थान में विमानों की मरम्मत के साथ बेहतर रखरखाव का कौशल प्रशिक्षण तो दिया ही जाएगा, युवाओं को रक्षा और विमानन उपकरणों के निर्माण की प्रौद्योगिकी भी समझाई जाएगी।

वैश्विक मानकों के अनुरूप हवाई अड्डा संचालन और प्रबंधन के बारे में भी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके लिए ट्रेनिंग-ऑफ-ट्रेनर्स प्रोग्राम फ्रांस की विशेषज्ञता के साथ मिलकर डिजाइन किए गए हैं। शहर में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और आईआईटी के अलावा चकेरी में वायु सेना का मरम्मत और ओवरहालिंग डिपो स्थापित है। ऐसे में इस केंद्र से प्रशिक्षित युवाओं को सीधे वैश्विक विमानन कंपनियों और डिफेंस कॉरिडोर में रोजगार मिल सकेंगे।

देश में एविएशन स्किलिंग इकोसिस्टम होगा मजबूत

भारत और फ्रांस के बीच हुए 114 लड़ाकू विमान राफेल खरीद के सौदे में फ्रांस 18 राफेल की आपूर्ति पूरी तरह तैयार स्थिति में कर रहा है, जबकि अन्य राफेल का निर्माण 50 फीसदी स्वदेशी उपकरणों के साथ देश में किया जाएगा, ऐसी स्थिति में शहर में खुलने वाला एयरोनाटिक्स का नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस न सिर्फ इस काम के लिए कुशल और पारंगत ट्रेड्समैन तैयार करने का आधार बनेगा, बल्कि देश के एविएशन स्किलिंग इकोसिस्टम को मजबूती प्रदान करेगा।

संबंधित समाचार