Rampur : एमए की परीक्षा देने जा रही शिक्षिका की सड़क हादसे में मौत
शाहबाद-बिलारी मार्ग पर चौधराना मंदिर के पास हुआ हादसा
शाहबाद, अमृत विचार। एमए की परीक्षा देने जा रही एक शिक्षिका की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। चौधराना मंदिर के पास तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
नगर के मोहल्ला अफगानन निवासी फरीद की पुत्री शोएबा (35) शहीद भगत सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिक्षिका थीं। सोमवार को वह सैफनी में एमए की परीक्षा देने जा रही थीं। शाहबाद-बिलारी मार्ग पर चौधराना मंदिर के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद एंबुलेंस के पहुंचने में देरी हो रही थी। इस दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल शिक्षिका को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंच गए। कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद ईको चालक वाहन समेत फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। परिजनों ने फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है।
