Barabanki News : योग सप्ताह का भव्य हुआ शुभारंभ, बोले मंत्री सतीश शर्मा- मन और शरीर दोनों को स्वस्थ रखता है योग
बाराबंकी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
बाराबंकी, अमृत विचार। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग की प्राचीन भारतीय परंपरा को आधुनिक युग में वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब विदेशी संस्थाएं योग के विभिन्न आसनों को पेटेंट कराने का प्रयास कर रही थीं और भारत अपनी अमूल्य विरासत से वंचित होता जा रहा था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में पहल कर योग को वैश्विक मान्यता दिलाई। उन्होंने सभी योग साधकों एवं प्रशिक्षुओं को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह पटेल ने कहा कि आयुष विभाग के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्होंने अपने स्नातक क्षेत्र के सभी सात जनपदों में योग जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि सोमवार तक लखनऊ, लखीमपुर, हरदोई, सीतापुर सहित पांच जनपदों में ऐसे 17 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 19 जून को लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में योग गौरव सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अवनीश सिंह पटेल ने कहा कि योग भारतीय मनीषा द्वारा विश्व को दिया गया ऐसा अमूल्य उपहार है, जो मन और शरीर दोनों को स्वस्थ रखता है। वहीं एमएलसी अंगद सिंह ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मबल और आत्मिक शक्ति को बढ़ाने का माध्यम है। यह हमारे ऋषियों की महान परंपरा है, जिसे वेदों, पुराणों और शास्त्रों ने आज तक जीवित रखा है।
नंदिता वर्मा को मंत्री सतीश शर्मा ने किया सम्मानित
योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और समर्पण के लिए नंदिता वर्मा को जनपद का 'योग आइकॉन' घोषित कर खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने सम्मानित किया। इसके बाद राज्य मंत्री ने गुब्बारे उड़ाकर योग जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। बता दें कि योग सप्ताह 15 जून से प्रारंभ होकर 21 जून, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चलेगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में योगाभ्यासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक डॉ. शशी कुमार अवस्थी ने किया, जबकि क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. वीनम यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रामसिंह वर्मा, स्वामी अभिषेक देव, आरएसएस क्रीड़ा भारती के प्रांत प्रमुख योग ओंकारनाथ सिंह, जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, संदीप गुप्ता, अमन वर्मा, मनीष परिहार, सत्यप्रकाश वर्मा, सहज राम वर्मा, विपिन सिंह राठौर, अमरीश रावत, दीपक, प्रभात, रचना श्रीवास्तव सहित सैकड़ों की संख्या में योगाभ्यासी उपस्थित रहे।
