हाई-वोल्टेज ड्रामा: फिल्म 'शोले' का वीरू बना युवक, प्रेमिका नहीं मिली तो 120 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

पटवाई, अमृत विचार। फिल्म शोले के हीरो वीरू की तर्ज पर पटवाई में एक आशिक पानी की टंकी नहीं मिलने पर 120 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गया और वहां से बोला कि गांव वालों मुझे मेरी लैला दिलाओ नहीं तो टॉवर से कूद जाऊंगा। पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक को समझाया और उसकी प्रेमिका से मिलवाने का आश्वासन दिया। पुलिस से आश्वासन मिलने के बाद प्रेमी 120 फीट ऊंचे टॉवर से नीचे उतर आया। तब गांव वालों ने राहत की सांस ली। 

कहते हैं इश्क सिर चढ़कर बोलता है। मंगलवार को एक युवक  पटवाई में  120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टॉवर पर चढ़कर अपनी प्रेमिका को वापस पाने की जिद पर अड़ गया। इसके बाद हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हुआ, उसे देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और इलाके में हड़कंप मच गया। मामला पटवाई थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव का है। यहां का रहने वाला युवक बृजमोहन दिल्ली में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात बिहार की रहने वाली एक किशोरी से हुई। देखते ही देखते दोनों का प्यार परवान चढ़ा और दोनों ने दिल्ली में ही एक वकील के जरिए कोर्ट मैरिज कर ली। 

शादी के बाद बृजमोहन अपनी 'दुल्हनिया' को लेकर अपने गांव कमालपुर आ गया। प्यार की इस कहानी में ट्विस्ट तब आया जब रविवार को लड़की के माता-पिता बिहार से पटवाई थाने पहुंचे। पुलिस तुरंत हरकत में आई और कमालपुर गांव से प्रेमी जोड़े को उठाकर थाने ले आई। कानूनी पेंच फंसा देख पुलिस ने किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया और बृजमोहन को थाने में बिठा लिया। दुल्हनिया की जुदाई बृजमोहन बर्दाश्त नहीं कर पाया। मंगलवार को मौका पाकर वो थाने से निकला और सीधे पटवाई-मिलक रोड पर स्थित 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। वहां से उसने चिल्लाना शुरू कर दिया कि जब तक मेरी पत्नी को नहीं लाओगे, नीचे नहीं उतरूंगा।  

युवक को टावर पर देख नीचे तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पटवाई पुलिस और शाहाबाद सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर से उसे समझाने की बहुत कोशिश की, मिन्नतें कीं, लेकिन युवक टस से मस नहीं हुआ। करीब 2 घंटे तक पुलिस और प्रशासन की सांसें हलक में अटकी रहीं। आखिर में पुलिसिया सूझबूझ और प्रेमिका से मिलवाने के आश्वासन के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारा जा सका। टावर से उतरते ही पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन युवक के तेवर अभी भी ढीले नहीं पड़े हैं। फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई है और मामले को शांत कराने में जुटी है। इलाके में यह शोले फिल्म का लाइव ड्रामा चर्चा का विषय बना हुआ है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

12 जुलाई का पंचांग : त्रयोदशी पर बन रहे शुभ संयोग, नए काम और खरीदारी के लिए अच्छा दिन; जानें राहुकाल, मुहूर्त और दिशाशूल
'खामेनेई के अंतिम संस्कार में ट्रंप को मारने की धमकी...' भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दी चेतावनी, बोले -'हमारी 1000 मिसाइलें तैयार हैं'
शुभमन गिल को कार्लोस अल्काराज के इस शॉट में दिखी अपनी झलक, इन 4 खेल दिग्गजों के साथ टेबल शेयर करना चाहते हैं भारतीय कप्तान
Lucknow News: सर्राफा व्यवसायी से 13.75 लाख की धोखाधड़ी, पीड़ित ने 4 आरोपियों पर दर्ज कराई रिपोर्ट
Vietnam Boat Accident: फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट पलटी, 15 भारतीय की मौत