Gonda News : बड़गांव ओवरब्रिज पर लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे वाहन, गर्मी-उमस से परेशान हुए राहगीर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

शहर के बड़गांव क्षेत्र स्थित वर्षों पुराने रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह से ही भीषण जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

गोंडा, अमृत विचार। शहर के बड़गांव क्षेत्र स्थित वर्षों पुराने रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह से ही भीषण जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों तक जाम में फंसे लोग बेहाल नजर आए। दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की लंबी कतारें पुल के दोनों ओर लगी रहीं।

जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था भी नाकाफी दिखाई दी। मौके पर केवल कुछ होमगार्ड कर्मी ही व्यवस्था संभालते नजर आए, जबकि कोई जिम्मेदार अधिकारी या पर्याप्त पुलिस बल जाम खुलवाने के लिए मौजूद नहीं दिखा। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

जानिए क्या बोले स्थानीय लोग...

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ओवरब्रिज काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। पुल की निर्धारित आयु भी पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। लोगों के अनुसार पुल पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

लोगों का आरोप है कि रेलवे और संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण सैकड़ों लोगों की जान लगातार जोखिम में बनी रहती है। पुल की स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें और मांगें उठाई गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने जर्जर ओवरब्रिज की तत्काल तकनीकी जांच कराने, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। 

संबंधित समाचार